वायरल न्यूज़

175 फुट ऊंचे टावर पर चढ़ा शराबी, बोला – "सुधर जाओ, खनन चालू कराओ वरना कूद जाऊंआ", देखें वायरल Video

सोशल मीडिया पर एक शराबी का वीडियो इन दिनों जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें शराबी व्यक्ति टावर पर चढ़कर हंगामा कर रहा है। वह नशे में खुद को गांधी जी बता रहा है। 3 घंटे की मशक्कत के बाद उस शराबी व्यक्ति को टावर से नीचे उतारा गया।

Image

टावर पर चढ़ा शराबी (टाइम्स नाउ नवभारत)

प्रयागराज के यमुनानगर जोन के घूरपुर थाना क्षेत्र के बिकर गांव में रविवार शाम उस समय हंगामा मच गया जब 60 साल के माता प्रसाद निषाद शराब पीकर सीधे बिजली के हाईटेंशन टावर पर चढ़ गए। इस बिजली के हाईटेंशन टावर की ऊंचाई पूरे 175 फुट थी। मतलब ये समझ लीजिए कि माता प्रसाद जी नशे में धुत्त होकर सीधे जमीन से आसमान छूने की कोशिश करने लगे।

नशे में 'गांधी जी' बन गया शराबी शख्स

टावर पर पहुंचते ही माता प्रसाद का अवतार बदल गया। अचानक वो महात्मा गांधी बन गए। हाथ में लाठी नहीं थी तो टावर का लोहा पकड़ लिया और जोर-जोर से चिल्लाने लगे कि, “मैं गांधी हूँ! सुधर जाओ… वरना कूद जाऊंआ! खनन चालू कराओ…” नीचे खड़ी पुलिस तीन घंटे तक हाथ जोड़ती रही, मान-मनौवल करती रही, लेकिन माता प्रसाद हैं कि किसी की सुनने को तैयार तक नहीं और इस नए जमाने के बापू कहाँ मानने वाले थे।

मत्स्य विभाग वालों को कहा, 'ये जीने नहीं देंगे हमें'

थोड़ी देर बाद माता प्रसाद मत्स्य विभाग वालों को गाली देने लगे। बोले, “ये मछली वाले हमें जीने नहीं देंगे! अवैध खनन बंद करा दिया, मछली पकड़ने नहीं देंगे… मैं कूद जाऊंगा!” इस तमाशे को देखने के लिए गांव वालों की लाइन लग गई। कोई इसका वीडियो बना रहा था तो कोई माता प्रसाद जी को मनाने में लगा हुआ था। वहीं, कुछ लोग ताली बजा रहे थे मानो सर्कस चल रहा हो।

3 घंटे की मशक्कत के बाद टावर से उतरा शराबी

मामले को देख पुलिस हरकत में आई और शराबी व्यक्ति के बचाव के लिए दमकल और रेस्क्यू टीम बुलाई गई। आखिरकार तीन घंटे की मशक्कत, ढेर सारी मनुहार, और शायद दो-चार पव्वे के लालच के बाद माता प्रसाद जी नीचे उतरने को तैयार हुए। फिलहाल माता प्रसाद का यह वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article