भारत के क्विक कॉमर्स सेक्टर ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह मुश्किल समय में कितना काम आ सकता है। दिल्ली में अमेरिकी दूतावास के बाहर वीजा इंटरव्यू की लाइन में खड़ी एक महिला के लिए Blinkit उस दिन किसी मददगार फरिश्ते से कम नहीं रहा। दरअसल महिला अपने US वीजा इंटरव्यू के लिए कुछ जरूरी दस्तावेज घर पर भूल गई थीं। इंटरव्यू का समय नजदीक था। ऐसे में उसके पास बाहर जाकर प्रिंट निकलवाने का समय नहीं था। ऐसे में Blinkit की 15 मिनट की डिलीवरी सर्विस ने उनकी इस परेशानी को तुरंत ही सॉल्व कर दिया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए @gauri__gupta नाम की यूजर ने लिखा: "मैं दिल्ली में अमेरिकी दूतावास में अपने O-1 वीजा इंटरव्यू के लिए लाइन में खड़ी थी। तभी अचानक मुझे याद आया कि मेरे कुछ जरूरी दस्तावेज मेरे पास नहीं हैं, जो O-1 वीजा के लिए बहुत अहम माने जाते हैं। सुबह 8 बजे का स्लॉट था और लाइन पहले से ही बहुत लंबी थी। बाहर जाकर प्रिंट निकलवाने का समय ही नहीं था। मैं घबरा गई। तभी वहां मौजूद गार्ड ने आराम से कहा— मैडम, Blinkit इस्तेमाल कर लीजिए। Blinkit एक इंस्टेंट डिलीवरी ऐप है। मैंने लाइन में खड़े-खड़े ही अपने डॉक्यूमेंट्स ऐप पर अपलोड किए। बस 15 मिनट में वे प्रिंट होकर मेरे पास पहुंच गए, वो भी तब जब मैं लाइन में ही थी। मेरी घबराहट खत्म हो गई।
यूजर्स ने किए कई कमेंट्स
वीजा मंजूर हुआ और पासपोर्ट पर मुहर भी लग गई। सच में, उस दिन Blinkit ने मेरा दिन बचा लिया। ऐसे मौकों पर लगता है कि भारत में मिलने वाली सुविधाएं किसी वरदान से कम नहीं हैं।" यूजर्स ने कई तरह के कमेंट्स किए हं। पहले ने लिखा: "दूतावासों के सुरक्षा गार्ड बहुत ही जानकार होते हैं। वे इन विषयों के बारे में किसी भी एलएलएम छात्र से कहीं अधिक जानते हैं।", दूसरे ने लिखा: "क्विक कॉमर्स वास्तव में भारत में अपनाई गई सबसे बेहतरीन तकनीकों में से एक है। इस तरह की तकनीक वाकई जीवनरक्षक है।", तीसरे ने लिखा: "वाह! भारत डिलीवरी ऐप के भविष्य में जी रहा है!"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
