वायरल न्यूज़

रेड कार्पेट पर चीनी एक्ट्रेस के हाथ में दिखे प्लास्टिक बैग की कीमत लाखों में, लोग बोले- 'इसमें तो हम कचरा बांधकर फेंकते हैं'

एक बड़े से इवेंट में एक अभिनेत्री के हाथ में दिखा प्लास्टिक बैग सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया, क्योंकि यह बैग देखने में किसी पन्नी की तरह लग रहा था, जिसका इस्तेमाल भारत में सामान भरकर देने के लिए किया जाता है या फिर कूड़ा-कचरा बांधकर फेंकने के लिए किया जाता है।

Image

चीनी अभिनेत्री के हाथ में दिखे इस प्लास्टिक बैग ने सोशल मीडिया पर छेड़ दी चर्चा (X/@ZiriVibe2)

कभी-कभी बड़े इवेंट में छोटी-छोटी चीजें भी लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींच लेती है। अब आप इस चीनी अभिनेत्री के हाथ में दिखने वाले प्लास्टिक बैग को ही देख लीजिए। जिसने लोगों का ध्यान ऐसे खींचा कि इस चीनी एक्ट्रेस को पूरी दुनिया भर में वायरल कर दिया। मामला चीन में हुए बीजिंग इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (Beijing International Film Festival) का है। जहां इस प्लास्टिक पाउच की वजह से सभी लोगों की नजरें चीनी अभिनेत्री झांग जिंगयी (Zhang Jingyi) पर टिकी रह गईं।

प्लास्टिक बैग ने खींचा सबका ध्यान

26 साल की झांग जिंगयी इस इवेंट में एक खूबसूरत काली ड्रेस और गले में हार पहनकर रेड कार्पेट पर पहुंचीं थी। उनका लुक काफी स्टाइलिश था, लेकिन लोगों का पूरा ध्यान उनकी ड्रेस और हार से ज्यादा उनके उस प्लास्टिक पाउच पर गया, जो उनके हाथ में था। दरअसल, उन्होंने किसी महंगे डिजाइनर क्लच की जगह एक साधारण सा दिखने वाला पीले रंग का प्लास्टिक बैग अपने हाथ में पकड़ रखा था। जो देखने में ऐसा लग रहा था, जैसे कोई पन्नी हो, जो हमारे देश में सामान के साथ फ्री में दे दिया जाता है। जिसका इस्तेमाल हमारे देश में लोग आमतौर पर बाजार से सामान लाने या फिर उसमें कचरा बांधकर फेंकने के लिए करते हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरें

जैसे ही उनकी यह तस्वीरें सोशल मीडिया पर आईं, देखते ही देखते वह तेजी से वायरल हो गईं। कई लोगों को यह देखकर हैरानी हुई, तो कई यूजर्स ने मजेदार कमेंट भी किए। कुछ लोगों ने मजाक में कहा कि यह बैग तो बिल्कुल किराने की दुकान पर दिए जाने वाली पन्नी की तरह लग रहा है।

बैलेनसियागा के बैग से हुई तुलना

कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इस बैग की तुलना महंगे फैशन ब्रांड Balenciaga के मशहूर “ट्रैश पाउच” से भी की। यह बैग देखने में कचरे के प्लास्टिक बैग जैसा लगता है, लेकिन इसकी कीमत करीब 1,800 डॉलर (लगभग 1.7 लाख रुपये) बताई जाती है। जब यह बैग पहली बार लॉन्च हुआ था, तब भी फैशन की दुनिया में इस पर काफी बहस हुई थी कि क्या आम चीजों को भी लक्जरी फैशन बनाया जा सकता है। हालांकि यह साफ नहीं है कि अभिनेत्री ने यह बैग मजाक में लिया था या इसे एक खास फैशन स्टाइल के तौर पर चुना था। लेकिन इतना जरूर है कि इस छोटे-से बैग ने पूरे इवेंट में लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article