वायरल न्यूज़

Viral Video: इस गांव में मिला सोने का खजाना? तलाश में जुटे ग्रामीणों ने खोद डाली सड़क

छतरपुर में सोने का खजाना मिलने की अफवाह के बाद दिन-रात ग्रामीण सोने के सिक्कों की जद्दोजहद में जुटे हुए है। सुबह से भी राजगढ़ गांव में लोग परिवार सहित सड़क पर डली मिट्टी को खोदकर अपनी किस्मत बदलने की फिराक में हैं।

Image

सड़क की मिट्टी खोदते ग्रामीण (Times Now Navbharat)

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से इन दिनों एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां सोने का खजाना मिलने की अफवाह ने पूरे इलाके में तहलका मचा दिया है। इस अफवाह के बाद हालात ऐसे बने हुए हैं कि लोग सोने का खजाना ढूंढने के लिए दिन-रात खुदाई कर रहे हैं और खजाने की तलाश में जुटे हुए हैं।

सोने का खजाना मिलने की अफवाह से मची खलबली

यह मामला राजगढ़ गांव का बताया जा रहा है। दरअसल, बीती रात सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया कि सड़क पर डली मिट्टी में पुराने सोने के सिक्के मिले हैं। वीडियो वायरल होते ही गांव और आसपास के इलाकों में मानो खलबली सी मच गई। सुबह होते ही बड़ी संख्या में गांव के लोग परिवार सहित सड़क पर पहुंच गए। जिसे जो मिला उससे सड़क को खोदना शुरू कर दिया। जिसका वीडियो भी सामने आया है।

सोने के खजाने के लिए सड़क खोदते नजर आए लोग

वीडियो में लोगों के हाथों में फावड़ा और तसला देखा जा सकता है। कुछ लोग तो अपने हाथों से ही मिट्टी को खोदते नजर आए। यहां हर किसी को उम्मीद है कि शायद उसकी किस्मत भी चमक जाए और उनके हाथ भी सोने का कोई खजाना लग जाए। मामले को लेकर गांव वालों का कहना है कि रियासत कालीन महल “राजगढ़ पैलेस” के आसपास की मिट्टी सड़क को दुरुस्त करने के लिए डाली गई थी। हाल ही में हुई बारिश के बाद जब मिट्टी बहने लगी, तो रात में कुछ लोगों को उसमें चमकते हुए सोने के सिक्के दिखे, जिसके बाद खजाना मिलने की अफवाह पूरे इलाके में फैल गई।

सोने के सिक्कों के साथ सोने के बिस्किट भी हाथ लगे

कुछ लोगों का यह भी दावा है कि उन्हें कई साल पुराने सोने के सिक्के मिले हैं। जिन पर मुगल कालीन भाषा में कुछ लिखा हुआ है। जबकि कुछ लोग तो यह भी कह रहे हैं कि उनके हाथ सोने के बिस्किट भी लगे हैं। इन दावों पर सरपंच का कहना है कि इस कथित खजाने की जानकारी और सूची पुलिस के पास मौजूद है।

जांच में जुटी पुलिस

हालांकि, सोने की खबर फैलते ही मौके पर पुलिस और प्रशासन भी पहुंच गया है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वायरल वीडियो में दिख रहे सिक्के असली हैं या नहीं। फिलहाल गांव में खजाने को लेकर उत्सुकता और अफवाहों का दौर जारी है, लेकिन सच्चाई क्या है, यह जांच के बाद ही सामने आएगा।

Pankaj Yadav
पंकज यादव author

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रें... और देखें

End of Article