बिहार-यूपी समेत पूरे भारत में समोसे की दीवानगी देखने को मिलती है लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि लंदन की गलियों में भी समोसा अपनी खास पहचान बना लेगा। जी हां, सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है। जहां लंदन की गलियों में एक गोरी मेम को गले में टोकरी लटकाकर समोसा बेचते हुए देखा गया। वीडियो में लोग उनके समोसे के ऐसे दीवाने हुए जा रहे हैं कि वे उसे खूब चटकारे लेकर खा रहे है और उनकी तारीफ भी कर रहे हैं।
समोसा बेचने निकलीं गोरी मेम
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक विदेशी महिला बिल्कुल देसी अंदाज में अपने गले में टोकरी लटकाकर गरमा-गर्म समोसे बेचते हुए दिख रही है। इस दौरान वह धोती पहने नजर आ रही है। महिला को लंदन की गलियों में निकलकर फेरी लगाते हुए सोसा बेचते हुए आप देख सकते हैं। वहां वह हिंदी में समोसे ले लो, समोसे ले लो... चिल्लाते हुए दिख रही है।
चाव से समोसा खाते दिखे लोग
उसकी आवाज पर कुछ लोग समोसा खाने भी आ गए। जहां वह लोगों को मीठी और तीखी चटनी के साथ समोसे परोसते हुए दिख रही है। लोगों को उसके समोसे काफी अच्छे भी लग रहे हैं और वे उसकी तारीफ करते हुए बड़ी ही चाव से खा रहे हैं।
वीडियो पर ऐसा रहा लोगों का रिएक्शन
इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @biharisamosa.uk नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा और लाइक किया है। वीडियो के कैप्शन में लिखा है, "लंदन की गलियों में समोसे और मुस्कान परोसते हुए गोरिया देवी।" इस वीडियो पर तमाम लोगों ने कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया भी दी है। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "लंदन में भी चलेगा अब समोसे का जादू।" दूसरे ने लिखा, "असली जादू तो समोसे बेचने वाली में है।" तीसरे ने लिखा, "इन्हें देखकर कोई भी समोसा खाने दौड़ा चला आएगा।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
