Ajab Gajab News: दुनिया की अलग-अलग जगहों पर शादी की अलग-अलग मान्यताएं प्रचलित हैं। इसी क्रम में एक मान्यता को लेकर काफी बातें की जा रही हैं। पिछले कुछ समय से अफ्रीकी देश इरीट्रिया को लेकर दावा किया जा रहा है कि वहां मर्दों को जबरदस्ती दो शादियां करनी पड़ती है। इसके साथ ही यह भी दावा किया जाता है कि जो मर्द दो शादी के लिए मना कर देते हैं, उन्हें आजीवन जेल की सजा काटनी पड़ती है। इस दावे के सामने आने के बाद पूरी दुनिया में इसकी चर्चा हो रही थी।
क्या सच में करनी पड़ती है दो शादी
इससे संबंधित एक ट्वीट भी जमकर वायरल होता रहता है। जिसमें दावा किया गया है कि सरकार ने मर्दों की शादी को लेकर इस तरह ऑर्डर पास किया है। दावा किया जाता रहा है कि इरीट्रिया में महिलाओं की बढ़ती संख्या के कारण यह कानून बनाया गया है। यह दावा किया गया कि इरीट्रिया और इथियोपिया का युद्ध चल रहा है। इस कारण यहां पर महिलाओं की संख्या मर्दों से ज्यादा है। इस कारण मर्दों को दो शादियां करनी पड़ती हैं और कोई भी महिला अपने पति को ऐसा करने से रोक नहीं सकती।
जानिए क्या है दावे की सच्चाई
दावे में यह भी कहा गया है कि अगर कोई महिला अपने पति को ऐसा करने से रोकती है तो उसे भी जेल की हवा खानी पड़ सकती है। हालांकि, यह दावा पूरी तरह से गलत है। एक रिपोर्ट ने इस दावे की सच्चाई खोली है। साल 2016 में बीबीसी ने एक रिपोर्ट जारी किया था। इसमें दावे को पूरी तरह से गलत बताया था। बताया गया था कि सोशल मीडिया पर जो सरकारी ऑर्डर की फोटो वायरल हो रही है, वह पूरी तरह से नकली है और इरीट्रिया में ऐसा करना बिल्कुल अपराध है।
