Ajab Gajab News: हाल ही में हमारे पड़ोसी देश चीन से हैरान करने वाला एक मामला सामने आया है। जहां प्यार में पागल एक युवक कुछ ऐसा करता है, जिसके कारण उसकी एयरहोस्टेस गर्लफ्रेंड को अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ जाता है। यह अजीबोगरीब मामला चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस की एक फ्लाइट का है। एयरलाइंस की एक उड़ती फ्लाइट में एयरहोस्टेस को उसके बॉयफ्रेंड ने सबके सामने प्रपोज कर दिया। इस चक्कर में एयरहोस्टेस को अपनी नौकरी गंवानी पड़ गई।
चीन से सामने आया हैरान करने वाला मामला
डेली स्टार की खबर के अनुसार, चाइना में फ्लाइट अटंडेंट महिला के साथ एक ऐसी घटना घटती है, जिसके बारे में उसने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा। यह घटना तब घटती है, जब महिला अटेंडेंट अपनी ड्यूटी के दौरान फ्लाइट में शी एन से यिनचुआन के लिए जा रही थी। मजे की बात यह है कि उसी फ्लाइट में उसका बॉयफ्रेंड भी ट्रैवल कर रहा था। फिर क्या जैसे ही फ्लाइट अपनी उड़ान के बीच में पहुंचती है। उसी समय एयरहोस्टेस का बॉयफ्रेंड उसे उड़ती फ्लाइट में प्रपोज कर देता है।
सबके सामने ही बॉयफ्रेंड ने किया प्रपोज
फ्लाइट में बैठा लड़की का बॉयफ्रेंड लोगों को उस समय आश्चर्यचकित कर देता हैं, जब फ्लाइट अपने आधे रास्ते में होती है। तकरीबन आधा घंटा बीतने के बाद एयर होस्टेस का बॉयफ्रेंड घुटने पर बैठकर उससे अपने प्यार का इजहार करने लगता है। इसके साथ ही वह शादी के लिए उसका हाथ मांगता है। बॉयफ्रेंड के इस अनोखे अंदाज से ना केवल एयर होस्टेस शॉक्ड होती है बल्कि फ्लाइट में बैठे सभी यात्री भी हैरान रह जाते हैं।
गम में बदल जाता है रोमांटिक सफर
जब यात्रियों को पूरा माजरा समझ आता है तो सारे लोग खुश हो जाते हैं और उस खूबसूरत पल को उनके साथ सेलिब्रेट करने लगते हैं। इस दौरान सभी यात्री मिलकर तालियों बजाते हुए एयर होस्टेस और उसके प्रेमी का स्वागत भी करते हैं। तभी कुछ इस हसीन पल को अपने फोन में कैद करने लगते हैं। ऐसा करना फ्लाइट अटेंडेंट को भारी पड़ जाता है, जिसके बाद उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया जाता है।
