सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो हर रोज वायरल होते हैं। जिन्हें देख लोग हैरान रह जाते हैं। इनमें से कुछ वीडियो दिल को छूने वाले होते हैं तो कुछ किसी के बहादुरी के। हाल में एक ऐसा ही वीडियो इस वक्त सामने आया है। जिसमें देखा जा सकता है कि छत से गिरी एक बच्ची की जान गली में टहल रहे युवक ने बचा ली। युवक की इस बहादुरी और सूझबूझ को देख लोगों ने उसे Real Life Hero का खिताब दे डाला। लोग उसकी इस बहादुरी को सलाम भी कर रहे हैं।
बिल्डिंग से नीचे गिरी बच्ची
वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बच्ची बिल्डिंग की बालकनी से नीचे देख रही है। अचानक से बच्ची नीचे गली में गिर जाती है। बच्ची को गिरते देख एक औरत चीख पड़ती है। औरत की चीख से गली में टहल रहा शख्स अलर्ट हो जाता है और जैसे ही बच्ची नीचे गिरती है वह तुरंत उसे पकड़ लेता है और बच्ची की जान बचा लेता है। हादसे को देख गली में मौजूद अन्य लोग भी चीखने-चिल्लाने लगते हैं।
वीडियो को लाखों लोगों ने देखा
हादसे का यह वीडियो गली में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @askshivanisahu नाम के यूजर ने शेयर किया है। जिसे खबर लिखे जाने तक करीब डेढ़ लाख लोगों ने देखा और 5800 लोगों ने इसे लाइक किया है। वीडियो में दिख रहे शख्स की तत्परता ने 'जाको राखे साइयां मार सके ना कोय' वाली कहावत को चरितार्थ कर दिया है।
वीडियो पर लोगों के कमेंट्स
वीडियो पर अब तक कई लोगों के कमेंट्स भी सामने आ चुके हैं। जहां लोगों ने शख्स की बहादुरी की खूब तारीफ की। एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "यह कोई फिल्म का सीन नहीं है, असल में तो ये रियल लाइफ का सुपरहीरो है। भाई को सलाम।" दूसरे ने लिखा, "ऐसे लोग समाज के असली नायक होते हैं।" तीसरे ने लिखा, "ये छोटे बच्चों के माता-पिता के लिए एक सीख है, अपने बच्चों को कभी भी अकेले ना छोड़ें।"
