वायरल न्यूज़

रामायण नाटक में मछली खाने और JCB स्टंट का Video वायरल, ओडिशा में मचा बवाल

ओडिशा के गंजाम में रामायण नाटक के दौरान कलाकार के मछली खाने और JCB पर खतरनाक स्टंट करने के वीडियो वायरल हुए। विवाद के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई और नई गाइडलाइन की बात कही है।

Image

ओडिशा रामायण नाटक वायरल वीडियो (Times Now Navbharat)

सोशल मीडिया (Social Media) पर इन दिनों ओडिशा के एक रामायण नाटक के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो (Video) में कलाकारों के ऐसे करतब दिखाई दे रहे हैं, जिन्हें देखकर लोग हैरान हैं। कहीं राक्षस का किरदार निभा रहा कलाकार मंच पर एक जीव को खाते हुए नजर आ रहा है, तो कहीं JCB मशीन के ऊपर चढ़कर खतरनाक स्टंट किए जा रहे हैं। इन प्रदर्शनों को लेकर अब विवाद खड़ा हो गया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या चंद तालियों और वाहवाही के लिए कलाकार अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं?

दो टीम कर रही थी कार्यक्रम का मंचन

यह पूरा मामला ओडिशा के गंजाम जिले के लांजिया गांव का है। यहां कुठाशाल जात्रा के दौरान बाड़ी रामायण नाटक का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में दो गांवों की टीमें शामिल हुई थीं। एक टीम बउलझुली गांव की थी, जबकि दूसरी अड़बा गांव की थी। दोनों टीमों के बीच बेहतर प्रदर्शन करने की होड़ थी। इसी दौरान कुछ ऐसे दृश्य सामने आए, जिनके वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

मंच पर मछली खाते दिखा राक्षस का किरदार

वायरल वीडियो (Viral Video) में राक्षस का किरदार निभा रहा एक कलाकार मंच पर सांप जैसे दिखने वाले जीव को खाते हुए दिखाई देता है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इस पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। हालांकि, इस जीव को लेकर ब्रह्मपुर के डीएफओ ने स्थिति साफ की है। उन्होंने बताया कि कलाकार जिस जीव को खाता हुआ दिखाई दे रहा है, वह सांप नहीं बल्कि ईल मछली है।

JCB से स्टंट करते भी नजर आए कलाकार

इसके अलावा एक दूसरे वीडियो में कलाकार JCB मशीन के ऊपर चढ़कर खतरनाक करतब करते नजर आ रहे हैं। इस तरह के प्रदर्शन को लेकर भी लोग नाराजगी जता रहे हैं। उनका कहना है कि मनोरंजन के नाम पर इस तरह के जोखिम भरे काम करना सही नहीं है।

रामायण जैसे नाटक में ऐसे प्रदर्शन पर उठे सवाल

इस घटना के बाद कई बुद्धिजीवियों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि रामायण जैसे धार्मिक और पौराणिक कथानक पर आधारित नाटकों में अश्लील इशारे या उत्तेजक दृश्य नहीं होने चाहिए। ऐसे प्रदर्शन समाज और संस्कृति पर गलत असर डाल सकते हैं। इसलिए आयोजकों को कार्यक्रम की मर्यादा और सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए। गौर करने वाली बात यह भी है कि कुछ दिन पहले इसी लांजिया गांव में मंच के नीचे पटाखे फोड़ने के दौरान आग लग गई थी। इस हादसे में मंच का काफी सामान जलकर नष्ट हो गया था। इसके बावजूद खतरनाक प्रदर्शन किए जाने से आयोजकों की जिम्मेदारी पर सवाल उठ रहे हैं।

प्रशासन ने दिखाई सख्ती, बनेगी नई गाइडलाइन

मामले को गंभीरता से लेते हुए गंजाम जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। ब्रह्मपुर के एसपी ने कहा है कि मंच पर पशु-पक्षियों को मारकर सार्वजनिक रूप से खाने जैसी घटनाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जिलाधिकारी ने बताया कि जिला संस्कृति विभाग के जरिए कलाकारों और अलग-अलग संगठनों के साथ बैठक की जाएगी। इस बैठक में ऐसे आयोजनों के लिए नियमावली तैयार करने पर चर्चा होगी।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article