वायरल न्यूज़

समुद्र किनारे मिला देश का खोया हुआ खजाना, कीमत इतनी सुनते ही उड़ जाएंगे आपके होश

फ्लोरिडा के ट्रेजर कोस्ट ने एक बार फिर से अपने नाम को सही साबित कर दिखाया है। दरअसल, यहां पर समुद्र में देश का पुराना और खोया हुआ खजाना मिला है। जिसकी कीमत जानने के बाद लोगों के तो होश ही उड़ गए।

Image

समुद्र में मिला खजाना (AP)

समुद्र अपने अंदर खजाना समेटे हुए है। समुद्र में ऐसे-ऐसे दुर्लभ खजाने मिलते हैं, जिन्हें देख लोगों की आंखें फटी की फटी रह जाती है। हाल में कुछ ऐसा ही हुआ फ्लोरिडा के समुद्री तट पर। जहां गोताखोरों की एक टीम को समुद्र की गहराइयों से लगभग 10 लाख डॉलर (यानी 7.4 लाख पाउंड) मूल्य का खजाना मिला है। अगर हम इस खजाने की कीमत आज की तारीख में भारतीय रुपयों में लगाए तो यह करीब 8 करोड़ 80 लाख रुपए होगा।

खजाने में क्या-क्या मिला

फ्लोरिडा के समुद्री तट "ट्रेजर कोस्ट" के नाम से मशहूर हैं। ऐसे में यहां पर खजानों का निकलना बहुत बड़ी बात नहीं है लेकिन इतनी मात्रा में निकले खजाने ने सबको हैरत में डालकर रख दिया। SKY News की रिपोर्ट के मुताबिक, इस खजाने में 1,000 से अधिक चांदी और सोने के सिक्के शामिल हैं, जो 300 साल से अधिक पुराने हैं। ये सिक्के स्पेनिश साम्राज्य के स्वर्ण युग के बताए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि यह खजाना 1715 में एक तूफान की वजह से डूबे स्पेनिश जहाजों का है।

तूफान की चपेट में डूबा खजानों से भरा जहाज

उस समय ये जहाज बोलिविया, मैक्सिको और पेरू जैसे स्पेनिश कॉलनियों से कीमती धातुओं और रत्नों को लेकर स्पेन की ओर जा रहे थे। लेकिन एक भीषण तूफान ने इन जहाजों को तबाह कर दिया, और उनका कीमती माल समुद्र की तलहटी में बिखर गया। सदियों बाद, ये सिक्के अब गोताखोरों की मेहनत और आधुनिक तकनीक की मदद से सामने निकलकर आए हैं। समुद्र की तलहटी से मिले इनमें से कई सिक्कों पर तारीखें और टकसाल के निशान अभी भी साफ तौर पर दिखाई दे रहे हैं। ये निशान इतिहासकारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि वे उस दौर की आर्थिक, सामाजिक और व्यापारिक गतिविधियों को समझने में मदद करते हैं।

Long lost Spanish treasure worth 1 million dollar

गोताखोर ने समुद्र से निकाला खजाना (AP)

इस कंपनी ने खोजा यह खजाना

इस खजाने को खोजने का श्रेय क्वीन ज्वेल्स कंपनी को जाता है। कंपनी के मालिक साल गुट्टोसो ने इस मामले पर कहा कि, "ये सिक्के सिर्फ कीमती धातु के टुकड़े नहीं हैं। प्रत्येक सिक्का उस समय के लोगों, उनकी जिंदगी और स्पेनिश साम्राज्य की कहानी को बयां करता है। इतनी बड़ी मात्रा में सिक्कों का एक साथ मिलना चमत्कार जैसा ही है।" खजाने को खोजना आसान नहीं था। गोताखोरों ने पानी के नीचे धातु डिटेक्टरों का इस्तेमाल किया और रेत को हटाने के लिए हाथ से चलने वाले पंखों का उपयोग किया। ट्रेजर कोस्ट के इलाके में पहले भी कई खजाने मिल चुके हैं, लेकिन इतनी मात्रा में यह मिले खजाने ने सबको हैरत में डाल दिया। खजाने में मिले सिक्कों की अच्छी हालत इसे और भी खास बनाती है।

खजाने को लेकर क्या कहता है फ्लोरिडा का कानून

फ्लोरिडा के कानून के अनुसार, इस तरह के खजाने पर राज्य का अधिकार होता है। हालांकि, खोजकर्ताओं को "पुनर्प्राप्ति सेवाएं" चलाने की अनुमति दी जाती है, जिसके तहत वे खजाने का कुछ हिस्सा रख सकते हैं। लेकिन एक शर्त यह भी है कि खोजे गए ऐतिहासिक सामानों का 20% हिस्सा सार्वजनिक स्वामित्व में रहना चाहिए, ताकि इसे शोध या प्रदर्शन के लिए इस्तेमाल किया जा सके। यह नियम सुनिश्चित करता है कि ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित किया जाए और लोग इसे देखकर इतिहास से जुड़ सकें।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article