वायरल न्यूज़

बिहार में यहां सड़क पार करता दिखा 10 फीट विशाल अजगर, लोगों में दहशत, देखें Viral Video

बिहार के पश्चिमी चंपारण के बेतिया में फिर एक 10 फीट लंबा विशालकाय अजगर देखा गया। ग्रामीणों ने जब इस विशाल अजगर को देखा तो आसपास हड़कंप मच गया। सुबह के समय सड़क पर आराम से रेंगते अजगर को देखते ही कुछ लोग डरकर दूर हट गए तो वहां कुछ लोग ऐसे भी थे जो उसका वीडियो बनाने लगे। अब यह वीडियो इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है।

Image

बिहार में यहां सड़क पार करता दिखा 10 फीट विशाल अजगर (फोटो: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल)

बिहार के पश्चिमी चंपारण के बेतिया में एक बार फिर विशालकाय अजगर दिखने का मामला सामने आया है। कुछ दिनों पहले भी बेतिया–लौरिया मुख्य मार्ग पर छावनी के पास एक बड़े अजगर के सड़क पार करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। अब एक और ऐसा ही मामला पश्चिमी करगहिया वार्ड नंबर 2 से सामने आया है, जहां पर अचानक सड़क पर निकले अजगर ने पूरे इलाके में डर और अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया।

राहगीरों ने अपने मोबाइल में कैद किया वीडियो

यह घटना सुबह के समय की बताई जा रही है। ग्रामीण अपने दैनिक काम से इधर-उधर जा रहे थे, तभी उन्होंने सड़क के बीचों-बीच एक विशाल अजगर को रेंगते हुए देखा। अजगर धीरे-धीरे आराम से सड़क पार कर रहा था। उसे देखते ही वहां मौजूद लोग घबरा गए और सुरक्षित दूरी बनाकर खड़े हो गए। हालांकि डर के बावजूद कुछ लोगों ने अपने मोबाइल से उसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया। कुछ ही मिनटों में यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया और पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने बड़े आकार का अजगर यहां पहले बहुत कम दिखाई देता है। अजगर की लंबाई करीब 10 फीट बताई जा रही है, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। अजगर के सड़क पर आने के कारण कुछ समय के लिए वाहनों और लोगों की आवाजाही भी रुक गई। बाइक और गाड़ियों को रोक दिया गया ताकि कोई हादसा न हो जाए। कई लोग तो दूर खड़े होकर ही तमाशा देखते रहे।

ग्रामीणों का मानना है कि आसपास के खेतों और जंगलों में इन दिनों पानी भरने और मौसम बदलने की वजह से इस तरह के जंगली जीव आबादी वाले क्षेत्रों की ओर भटक सकते हैं। लोगों ने वन विभाग को भी सूचना देने की बात कही ताकि भविष्य में किसी तरह की दुर्घटना को रोका जा सके। अजगर के सुरक्षित तरीके से सड़क पार कर जाने के बाद स्थिति सामान्य हुई, लेकिन लोग अब भी इसके फिर से दिखने की आशंका के कारण चिंतित हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article