राजस्थान: गहलोत बने 'नायक' वाले CM! अलाव सेंकते समय 8वीं कक्षा के स्कूल को 12वीं तक किया प्रमोट

भंवर पुष्पेंद्र

Updated Dec 19, 2022, 18:37 IST

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने अलवर पहुंचे थे। इस दौरान अचानक उन्हें यात्रा में शामिल होने आईं कुछ महिलाएं और बच्चे सर्दी से बचने के लिए अलाव सेंकते हुए नजर आए। इसके बाद अशोक गहलोत ने अपनी गाड़ी रुकवाई और उनके पास खुद भी हाथ सेंकने अलाव के पास बैठ गए। इस दौरान वह उनसे अपनी सरकार के कामकाज के बारे में फीडबैक लेने लगे।अचानक अशोक गहलोत ने महिलाओं से बच्चों की पढ़ाई के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि गांव में केवल आठवीं तक का ही स्कूल है और बच्चों को आगे की पढ़ाई के लिए काफी दूर जाना पड़ता है। इस पर अशोक गहलोत ने कहा कि सरकार को क्या करना चाहिए? इस पर महिलाओं ने कहा कि स्कूल को 12वीं तक कर दिया जाए। इसके बाद सीएम अशोक गहलोत ने अपने साथ मौजूद अधिकारियों को जयसिंहपुरा फाटक गांव के स्कूल को 12वीं तक प्रमोट करने का निर्देश जारी कर दिया।यही नहीं सीएम अशोक गहलोत ने अलाव सेंक रहे बच्चों से भी उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी लेनी शुरू कर दी, तो बच्चों ने बताया कि वे सरकारी इंग्लिश मीडियम स्कूल में पढ़ रहे हैं। इसके बाद सीएम ने बच्चों से कुछ अंग्रेजी में सुनाने को कहा तो बच्चों ने एबीसीडी सुना दी और अंग्रेजी में ही 4 का पहाड़ा भी सुना दिया। जिसे सुनकर खुद अशोक गहलोत ताली बजाने से अपने आप को नहीं रोक पाए।