नवरात्रि पर Times Music Spiritual लेकर आया ‘दिव्य दर्शन’, हिमाचल के 10 शक्तिपीठों की कहानियां होंगी उजागर

Kumar Sarash

Updated Oct 12, 2026, 14:25 IST

इस नवरात्रि हिमाचल प्रदेश के 10 शक्तिपीठों से जुड़ी अनसुनी कहानियां लोगों तक पहुंचेंगी। टाइम्स म्यूजिक स्पिरिचुअल (Times Music Spiritual) अपनी नई वीडियो सीरीज ‘दिव्य दर्शन’ (Divya Darshan) की शुरुआत 12 अक्टूबर 2026 से करने जा रहा है। इस सीरीज में इन शक्तिपीठों से जुड़ी पुरानी कहानियों, मान्यताओं और परंपराओं को दिखाया जाएगा। मंदिरों के पुजारियों, इतिहास के जानकारों और शोधकर्ताओं से बातचीत के जरिए इन धार्मिक स्थलों के महत्व को समझने का मौका मिलेगा। हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इस पहल की सराहना की है। उनका मानना है कि इससे राज्य की समृद्ध संस्कृति को लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा, “हिमाचल प्रदेश के प्राचीन मंदिर और उनकी कालातीत परंपराएँ हमारी सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं। ‘दिव्य दर्शन’ के माध्यम से इन पवित्र स्थलों को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुँचाने और राज्य में आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मैं Times Music Spiritual की सराहना करता हूँ।” Times Music के सीईओ मंदार ठाकुर ने कहा, “भारत के मंदिरों से जुड़ी कहानियाँ उनकी चारदीवारी से कहीं आगे तक जाती हैं। इनमें सदियों की आस्था, इतिहास और परंपराएँ समाहित हैं। ‘दिव्य दर्शन’ के माध्यम से हमारा उद्देश्य सार्थक और विस्तृत कहानी-वाचन के जरिए इन अनमोल गाथाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाना है।”