उत्तर प्रदेश

बहराइच में फिर भेड़ियों का आतंक, मां की गोद से उठा ले गया बच्चा; अब तक 9 बच्चों की मौत

बहराइच के कैसरगंज इलाके में एक भेड़िया मां की गोद से 4 महीने के सोते हुए बच्चे को उठा ले गया। घंटो तक उसकी तलाश के बाद भी बच्चे का पता नहीं चल सका। अब तक भेड़िए के हमलों में नौ बच्चों की मौत और दर्जनों घायल हो चुके हैं। वन विभाग बच्चे की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रहा है।

wolf attack

बहराइच में फिर भेड़ियों का आतंक

Bahraich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक बार फिर भेड़िए की दहशत लौट आई है। देर रात एक भेड़िया 4 महीने के बच्चे को उठाकर ले गया। बच्चा मां की गोद में सो रहा था, तभी भेड़िया उसे उठा ले गया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन चलाया।

घंटों तक जारी रही बच्चे की तलाश

यह घटना बहराइच के कैसरगंज थाना क्षेत्र के गोड़हिया नंबर 3 मल्लाहन पुरवा की। यहां भेड़िए का आतंक इस कदर फैला हुआ है कि आदमखोर मां की गोद से ही मासूम को उठा ले गया। रोते-बिलखते परिजनों ने बच्चे की तलाश शुरू की। स्थानीय लोगों ने भी उसे खोजना शुरू किया। लेकिन घंटों तक जारी तलाश के बाद भी उन्हें बच्चा नहीं मिला। वन विभाग टीम के सर्च ऑपरेशन के बाद भी बच्चे का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका।

भेड़िए के हमले में अब तक 9 बच्चों की मौत

स्थानीय लोगों के अनुसार, इलाके में लंबे समय से भेड़ियों का आतंक है। भेड़ियों के हमलों में अब तक नौ बच्चों की मौत हो चुकी है, जबकि तीन दर्जन से अधिक बच्चे घायल हुए हैं। शुक्रवार को भेड़िए के हमले से चार और पांच वर्षीय दो बच्चियों गंभीर रूप से घायल हो गयीं। ग्रामीणों के अनुसार कैसरगंज तहसील के मल्लहनपुरवा गांव में शुक्रवार तड़के पांच वर्षीय अनुष्का निषाद घर के अंदर सो रही थी। तभी अचानक भेड़िया घर में घुसकर उसे उठाकर ले जाने लगा। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण घर की तरफ दौड़े, इतने में शोर-गुल सुनकर भेड़िया बच्ची को छोड़कर खेतों की ओर भाग गया। इस दौरान बच्ची को खरोंच लगी है। शुक्रवार को ही बाबुरी टोला गांव में चार वर्षीय नैनसी घर के बाहर खेल रही थी। तभी भेड़िये ने अचानक हमला कर उसे घसीटकर ले जाने लगा। ग्रामीणों के शोर मचाने पर भेड़िया बच्ची को छोड़कर खेतों की ओर भाग गया। घायल बच्ची को इलाज के लिए तुरंत कैसरगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। भेड़िए के कारण गांव के लोग दहशत में है।

Pooja Kumari
Pooja Kumari author

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी... और देखें

End of Article