उत्तराखंड के नैनीताल जिले में वन विभाग ने आज तड़के रामनगर के पुछड़ी क्षेत्र में रिजर्व फॉरेस्ट भूमि से अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई शुरू की। इस कार्रवाई के तहत 90 से अधिक परिवारों को यहां से हटाया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए पुलिस अधीक्षक नैनीताल के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। इलाके में जगह-जगह बैरिकेडिंग भी की गई है। इस दौरान मीडिया की एंट्री पर भी रोक लगाई गई है, जिससे पत्रकारों में नाराजगी भी देखने को मिली।
170 परिवारो को दिया गया था नोटिस
वन विभाग के डीएफओ प्रकाश आर्य ने बताया कि अपर कोसी ब्लॉक क्षेत्र में कुल 170 परिवारों को बेदखली का नोटिस जारी किया गया था। जिनमें से कुछ परिवारों ने पहले ही स्वेच्छा से अपने घर खाली कर दिए थे। जिसके बाद वर्तमान में करीब 130 परिवार यहां बचे थे। इनमें से लगभग 40 परिवार न्यायालय चले गए हैं, जबकि शेष 90 परिवारों पर आज कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने हल्के बल का किया इस्तेमाल
वन विभाग ने आज सुबह 5:30 बजे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान की लोग अपने मवेशियों और सामान को लेकर इधर-उधर भागते नजर आए। इलाके में स्थिति नियंत्रण से बाहर न हो, इसलिए पुलिस को हल्का बल का प्रयोग भी करना पड़ा। हालांकि क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण रहा, लेकिन प्रशासन ने पूरी स्थिति को काबू में रखा हुआ है।
