UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 10 December-2025: उत्तर प्रदेश में ठंड के साथ अब कोहरे का प्रकोप भी बढ़ गया है। आज 11 जिलों में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। यूपी में पछुआ हवाओं भी चल रही हैं। जिससे सुबह और रात के समय गलन भरी सर्दी का एहसास हो रहा है। हालांकि दिन में अच्छी धूप खिल रही है। जिससे अभी भी दिन में गर्मी से राहत मिल रही है। आने वाले दो से तीन दिनों तक रात के तापमान में गिरावट होने की संभावना जताई जा रही है। जिससे ठंड में और इजाफा हो सकता है। जिसके बाद फिर से पारा ऊपर चढ़ने के आसार हैं।
यूपी में आज मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार आज पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। सुबह के समय छिछला से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। पूर्वी हिस्से में तराई क्षेत्रों में कहीं-कहीं घने कोहरे का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। बुधवार को बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महाराजगंज है।
यूपी में अगले 3 दिन में लुढ़केगा पारा
आईएमडी के मुताबिक यूपी के पूर्वी हिस्से में अगले 3 दिन तराई क्षेत्रों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। जिसे देखते हुए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। वहीं पश्चिमी हिस्से में कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। इस दौरान अन्य हिस्सों में हल्के से मध्यम कोहरे की चादर छाई रह सकती है। मौसम भी साफ बने रहने की संभावना है और दिन में धूप भी खिली रह सकती है। अगले 3 दिन में यूपी में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। जिसके बाद 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
बरेली में सबसे सर्द रही रात
मंगलवार को यूपी में सुबह के समय तराई इलाकों में घना कोहरा देखने को मिला। जिससे कुशीनगर में दृश्यता शून्य तक दर्ज की गई। बहराइच में विजिबिलिटी 50 मीटर और गोरखपुर में 100 मीटर तक पहुंच गई। इस दौरान सबसे ठंडा शहर बरेली रहा। जहां का न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। जिसके बाद अयोध्या में 7 डिग्री और अमेठी में 7.4 डिग्री न्यूनतम पारा रहा।
