CM Yogi Adityanath Janata Darshan: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को एक कार्यक्रम के बीच ‘जनता दर्शन’ में लोगों की समस्याएं सुनीं। राज्य के नागरिकों से सीधे संवाद करने की पहल के तहत सीएम योगी अलग-अलग क्षेत्रों से आए लोगों से मिले और उनकी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। कार्यक्रम में पहुंचे हर व्यक्ति से मुख्यमंत्री ने व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। उन्होंने लोगों से निश्चिंत होकर घर लौटने को कहा और भरोसा दिलाया कि प्रत्येक मामले का उचित समाधान कराया जाएगा।
जरूरतमंदों को चिकित्सा सहायता उपलब्धता
जनता दर्शन में कुल 42 नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। इनमें से पांच लोगों ने गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की मांग करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रार्थना पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री ने सभी मामलों में संबंधित अस्पतालों से तुरंत उपचार का अनुमान (एस्टिमेट) तैयार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शुरुआत से ही जरूरतमंदों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध करा रही है और किसी भी व्यक्ति का उपचार धन की कमी के कारण रुकने नहीं दिया जाएगा। योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया कि इलाज के लिए आर्थिक सहयोग की आवश्यकता रखने वाले हर नागरिक के साथ सरकार पूरी मजबूती से खड़ी है और आगे भी खड़ी रहेगी।
हर मामले का समाधान किया जाए जल्द से जल्द
जनता दर्शन के दौरान कई लोग पुलिस से संबंधित मुद्दों और अवैध कब्जों की शिकायतें लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी फरियादियों के आवेदन प्राप्त किए और अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता से जुड़े मामलों का समाधान प्राथमिकता के साथ किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं से फीडबैक अवश्य लिया जाए, ताकि समाधान की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम में कुछ जरूरतमंदों ने आवास उपलब्ध कराने की मांग भी रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने उनके अनुरोध पर संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को पीएम/सीएम आवास योजनाओं के तहत पात्र लोगों को लाभ दिलाने के निर्देश जारी किए। उन्होंने दोहराया कि सरकार हर पीड़ित और जरूरतमंद की सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
