मानसून का मौसम गर्मी से राहत तो देता है, लेकिन बढ़ती नमी के कारण घर के अंदर परेशानी बढ़ सकती है। बारिश के दिनों में तापमान कम होने के बावजूद हवा में मौजूद नमी के कारण कमरा चिपचिपा महसूस हो सकता है। ऐसे मौसम में एयर कंडीशनर (AC) को भी अलग तरह की देखभाल की जरूरत होती है। बारिश के दौरान AC में नमी जमा होना, ड्रेनेज पाइप में रुकावट, आउटडोर यूनिट के आसपास गंदगी जमा होना और अंदर फंगस या मोल्ड बनने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। आइए यह समझते हैं कि मॉनसून या बारिश के मौसम में एसी का इस्तेमाल किस तरीके से करना चाहिए।
1. मानसून में AC का Dry Mode करें इस्तेमाल
ज्यादातर आधुनिक AC में Dry Mode का विकल्प दिया जाता है, जो मानसून के दौरान काफी उपयोगी साबित हो सकता है। यह मोड कमरे का तापमान बहुत ज्यादा कम करने के बजाय हवा में मौजूद अतिरिक्त नमी को हटाने का काम करता है।
जब बारिश के दिनों में बाहर का तापमान ज्यादा नहीं होता लेकिन नमी अधिक होती है, तब Dry Mode कमरे को ज्यादा आरामदायक बना सकता है। इससे AC को लगातार कूलिंग करने की जरूरत नहीं पड़ती और बिजली की खपत भी कम हो सकती है।
2. AC फिल्टर की सफाई जरूरी
मानसून में धूल और नमी के कारण AC फिल्टर जल्दी गंदे हो सकते हैं। गंदा फिल्टर हवा के प्रवाह को रोकता है, जिससे AC की कूलिंग क्षमता कम हो सकती है और बिजली की खपत बढ़ सकती है। इसलिए AC फिल्टर को नियमित रूप से साफ करना चाहिए। अगर फिल्टर ज्यादा खराब हो चुका है तो उसे बदलना बेहतर रहता है।
3. आउटडोर यूनिट का रखें ध्यान
बारिश के दौरान AC की आउटडोर यूनिट के आसपास पत्तियां, मिट्टी और अन्य कचरा जमा हो सकता है। इससे हवा का प्रवाह प्रभावित होता है और AC की परफॉर्मेंस पर असर पड़ सकता है। ध्यान रखें कि आउटडोर यूनिट के पास पानी जमा न हो। यूनिट के आसपास की जगह साफ रखें ताकि हवा आसानी से आती-जाती रहे।
4. ड्रेनेज पाइप में ब्लॉकेज से बचें
AC की इंडोर यूनिट से निकलने वाला पानी ड्रेनेज पाइप के जरिए बाहर जाता है। मानसून में इस पाइप में धूल या गंदगी जमा होने से पानी का रास्ता बंद हो सकता है। इस वजह से AC से पानी टपकने की समस्या आ सकती है। इसलिए समय-समय पर ड्रेनेज पाइप की जांच करना जरूरी है।
5. तापमान बहुत कम न रखें
मानसून में कई लोग नमी कम करने के लिए AC का तापमान बहुत कम कर देते हैं, लेकिन इससे बिजली की खपत बढ़ सकती है और AC पर दबाव भी पड़ सकता है। एक्सपर्ट के अनुसार AC का तापमान 24°C से 26°C के बीच रखना आराम और ऊर्जा बचत दोनों के लिए बेहतर हो सकता है।
6. बारिश के दौरान AC को पूरी तरह बंद न रखें
अगर कई दिनों तक बारिश हो रही है और AC का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है, तो समय-समय पर 15 से 20 मिनट के लिए इसे चलाना फायदेमंद हो सकता है। इससे अंदर नमी जमा होने और फंगस बनने की संभावना कम होती है।
7. फैन के साथ AC चलाना भी फायदेमंद
मानसून में AC के साथ सीलिंग फैन चलाने से ठंडी हवा पूरे कमरे में अच्छी तरह फैलती है। इससे AC को कम तापमान पर चलाने की जरूरत नहीं पड़ती और बिजली की बचत हो सकती है। बारिश के मौसम में AC की बेहतर परफॉर्मेंस के लिए मानसून से पहले या दौरान सर्विसिंग कराना अच्छा रहता है। इसमें फिल्टर, कॉइल, ड्रेनेज सिस्टम और इलेक्ट्रिकल पार्ट्स की जांच हो जाती है।
