आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के तहत पात्र लोगों को इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड की सुविधा दी जाती है। इस कार्ड के जरिए लाभार्थी को सूचीबद्ध अस्पतालों में इलाज के लिए आर्थिक सहायता मिलती है, लेकिन कई बार अस्पताल में इलाज के समय आयुष्मान कार्ड रिजेक्ट हो जाता है। इसके पीछे क्या कारण हो सकते हैं, इसकी जानकारी अब खुद सरकार ने दी है।
आधार और सोर्स डेटा में अंतर होने पर हो सकती है परेशानी
आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए आधार कार्ड की जानकारी और नेशनल हेल्थ अथॉरिटी (NHA) पोर्टल के डेटा का मिलान किया जाता है। अगर दोनों जगह जानकारी अलग-अलग होती है तो कार्ड सत्यापन में समस्या आ सकती है। उदाहरण के लिए, आधार में नाम कुछ और है और आयुष्मान पोर्टल पर नाम अलग दर्ज है, तो कार्ड रिजेक्ट होने की संभावना बढ़ जाती है।
पिता के नाम में गलती भी बन सकती है कारण
कई बार आधार कार्ड में दर्ज पिता का नाम और आयुष्मान कार्ड के सोर्स डेटा में दर्ज पिता के नाम में अंतर होता है। नाम की स्पेलिंग या पूरी जानकारी अलग होने पर भी सत्यापन प्रक्रिया रुक सकती है। इसलिए कार्ड बनवाने से पहले सभी दस्तावेजों में जानकारी सही होना जरूरी है।
लिंग की जानकारी में अंतर होने पर रिजेक्ट हो सकता है कार्ड
अगर आधार डेटा और आयुष्मान पोर्टल पर दर्ज लिंग की जानकारी अलग-अलग है तो भी कार्ड में समस्या आ सकती है। इस तरह की गलती को ठीक करवाकर ही आयुष्मान कार्ड का सफल सत्यापन कराया जा सकता है।
जन्मतिथि में अंतर होने से अटक सकता है कार्ड
आधार कार्ड में दर्ज जन्मतिथि और आयुष्मान कार्ड के रिकॉर्ड में जन्मतिथि अलग होने पर भी कार्ड रिजेक्ट हो सकता है। सरकारी योजनाओं में पहचान सत्यापन के लिए जन्मतिथि एक महत्वपूर्ण जानकारी होती है, इसलिए इसमें गलती नहीं होनी चाहिए।
पते में बदलाव या अंतर भी हो सकता है वजह
आयुष्मान कार्ड में दर्ज पता और आधार कार्ड के पते में अंतर होने पर भी सत्यापन में परेशानी आ सकती है। अगर किसी व्यक्ति ने अपना पता बदला है या किसी दस्तावेज में पुराना पता दर्ज है, तो उसे अपडेट करवाना जरूरी हो सकता है।
आयुष्मान कार्ड रिजेक्ट होने से बचने के लिए क्या करें?
- आयुष्मान कार्ड बनवाने या इस्तेमाल करने से पहले यह जरूर चेक कर लें कि:
- आधार कार्ड की सभी जानकारी सही है
- नाम, पिता का नाम और जन्मतिथि में कोई अंतर नहीं है
- पता और अन्य जानकारी अपडेट है
- आधार और आयुष्मान पोर्टल का डेटा मैच कर रहा है
