AC Power Consumption: मई-जून की चिलचिलाती गर्मी से राहत पाने के लिए हम अपने घरों में एयर कंडीशनर (AC) का इस्तेमाल करते हैं। गर्मी के सीजन में एसी की डिमांड बढ़ जाती है, क्योंकि इस समय बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करते हैं। अगर आप भी गर्मी के मौसम में एसी खरीदने जा रहे हैं, तो कुछ बातों का ध्यान जरूर रखें। जब हम घरों में एसी चलाते हैं, तो उसकी वजह से बिजली बिल अधिक आता है। इसलिए ऐसा एसी खरीदें, जो कम बिजली की खपत करे। आइए जानते हैं कि कौन सा एसी सबसे कम बिजली की खपत करता है।
स्टार रेटिंग
अपने घर के लिए एसी, रेफ्रिजरेटर या वॉशिंग मशीन जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खरीदते समय, हमें प्रोडक्ट्स को दी गई स्टार रेटिंग का ध्यान रखना होगा। इन प्रोडक्ट्स को एनर्जी एफिशिएंसी के अनुसार एक से पांच स्टार दिए जाते हैं। यह एक आम गलतफहमी है कि कम स्टार का मतलब कम बिजली की खपत है। इसके विपरीत, कम स्टार वाले इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट्स अधिक बिजली की खपत करते हैं।
फाइव स्टार और वन स्टार एसी
एयर कंडीशनर की बिजली खपत को समझने के लिए यह समझना होगा कि टू स्टार वाला एसी पांच स्टार वाले एसी की तुलना में अधिक बिजली की खपत करता है। हालांकि, शुरुआत में वन-स्टार एयर कंडीशनर एक अच्छा विकल्प लग सकता है, लेकिन बिजली का बिल लंबे समय में इसे बेहद महंगा बना देगा। दूसरी ओर, फाइव स्टार एयर कंडीशनर खरीदना शुरू में अधिक महंगा पड़ता है, लेकिन इसमें कम बिजली की खपत, लॉन्ग टर्म में आपके लिए फायदेमंद साबित होगी। क्योंकि बिजली का बिल कम आएगा।
कितनी बिजली की होगी बचत
ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी के अनुसार, वन स्टार एसी की तुलना में फाइव स्टार एयर कंडीशनर लगभग 20 से 22 प्रतिशत तक बिजली बचा सकता है। अगर वन स्टार एसी हर महीने 200 यूनिट बिजली की खपत करता है, तो फाइव स्टार एसी केवल 160 यूनिट बिजली की खपत करेगा। इससे बड़ी बचत हो सकती है। अगर आप अपना एसी सही ढंग से चुनते हैं, तो आप अपने महीने के बिजली बिल को कम रखते हुए बेहतरीन कूलिंग का लाभ उठा पाएंगे।
