Credit Card : क्रेडिट कार्ड खो जाना किसी के लिए भी चुनौतीपूर्ण सकता है क्योंकि यह रुपये-पैसों से जुड़ा होता है। खासकर जब आपको धोखाधड़ी वाले ट्रांजैक्शन का सामना करना पड़े तब। हालांकि, ऐसे समय में घबराने या डरने की बजाय, क्रेडिट कार्ड धारकों को शांत रहते हुए जल्दी और सतर्कता से कार्रवाई करनी चाहिए ताकि रुपये-पैसों का नुकसान को कम किया जा सके और स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सके। इसके लिए यहां हम आपके साथ खोए हुए या चोरी हुए क्रेडिट कार्ड से निपटने के लिए 6 आसान तरीके बता रहे हैं।
तुरंत रिपोर्ट करें
सबसे पहला कदम है। अपने क्रेडिट कार्ड जारी करने वाले बैंक या वित्तीय संस्थान से तुरंत संपर्क करें। इसके लिए आप उनके आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और कस्टमर केयर नंबर पर कॉल करें। ग्राहक सेवा प्रतिनिधि को शांतिपूर्वक अपनी स्थिति समझाएं और कार्ड को तुरंत ब्लॉक करवाएं। अधिकांश बैंक 24x7 हेल्पलाइन प्रदान करते हैं ताकि ग्राहक की वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
मोबाइल या नेट बैंकिंग का उपयोग करें
अगर नेटवर्क समस्या या किसी तकनीकी कारण से आप फोन के जरिए संपर्क नहीं कर पा रहे हैं, तो बैंक का मोबाइल ऐप या इंटरनेट बैंकिंग पोर्टल का उपयोग करें। यहां पर आपको क्रेडिट कार्ड को तुरंत ब्लॉक करने का विकल्प मिलेगा। कई बैंक कार्ड को अस्थायी रूप से लॉक करने की सुविधा भी देते हैं ताकि धोखाधड़ी को रोका जा सके। ऐसी सुविधाओं को एक बार अभ्यास स्वरूप आजमाना बेहतर होगा।
ट्रंजैक्शन की निगरानी करें
अपने क्रेडिट कार्ड का स्टेटमेंट और ट्रांजेक्शन हिस्ट्री ध्यान से जांचें। अगर कोई अनधिकृत लेन-देन, जुर्माना या चार्ज दिखाई दे, तो उसे तुरंत बैंक को ईमेल या फोन के माध्यम से रिपोर्ट करें। इस तरह की रिपोर्टिंग से आपको बैंक की फ्रॉड प्रोटेक्शन नीति के तहत राहत मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
जरूरत हो तो FIR दर्ज करें
अगर आपके कार्ड से बड़ा वित्तीय धोखाधड़ी हुआ है या पहचान की चोरी का मामला है, तो घबराएं नहीं। सबसे पहले नजदीकी पुलिस स्टेशन में एफआईआर (FIR) दर्ज कराएं। आप https://cybercrime.gov.in/ पर जाकर भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। यह दस्तावेजी प्रमाण के रूप में काम आएगा अगर मामला कोर्ट तक जाए।
नए क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन करें
पुराना कार्ड ब्लॉक कराने के बाद, नए कार्ड के लिए आवेदन करें। आप इंटरनेट बैंकिंग के जरिए इसे एक्टिव कर सकते हैं या शाखा में जाकर भी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। कुछ बैंक इसके लिए मामूली रिप्लेसमेंट शुल्क भी ले सकते हैं।
सभी जरूरी अपडेट करें
अपने सभी बिल भुगतान, सब्सक्रिप्शन, और वॉलेट्स में नए कार्ड की जानकारी अपडेट करें ताकि भविष्य में किसी भी भुगतान में समस्या न आए। सही कार्ड नंबर, CVV और समाप्ति तिथि (Expiry Date) जरूर भरें।
