रेलवे स्टेशन पर मिलता है सस्ता कमरा, ऑनलाइन बुक करने का पूरा प्रॉसेस जानें यहां
- Authored by: शिवानी कोटनाला
- Updated Jan 21, 2026, 11:32 AM IST
IRCTC Retiring Room: भारत में रोजाना कई लोग ट्रेन से सफर करते हैं। भारतीय रेलवे की ओर से ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए तमाम सुविधाओं का इंतजाम किया जाता है, इन्हीं सुविधा में से एक रिटायरिंग रूम सर्विस है। रिटायरिंग रूम रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को कुछ समय के लिए रुकने और आराम की सुविधा प्रदान करने के लिए उपलब्ध कराए जाते हैं।
रेल यात्रियों के लिए सस्ता कमरा (Photo : iStock)
IRCTC Retiring Room: भारत भर में रोजाना 2 करोड़ से अधिक यात्री ट्रेन से सफर करते हैं। इतनी बड़ी तादाद में यात्रियों के आने-जाने को लेकर उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन पर ही कमरों की व्यवस्था की जाती है। इन कमरों को रिटायरिंग रूम कहा जाता है। रिटायरिंग रूम सिंगल, डबल और डॉरमेट्री तरह की ऑक्युपेंसी में उपलब्ध करवाए जाते हैं। रिटायरिंग रूम की सुविधा एसी व नॉन-एसी दोनों विकल्पों में प्रदान की जाती है।
रेलवे का सस्ता कमरा
IRCTC की ऑफिशियल वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, अगर आप 24 घंटे की अवधि के लिए रिटायरिंग रूम लेते हैं तो इसके लिए आईआरसीटीसी की ओर से 20 रुपए का सर्विस चार्ज लिया जाता है। वहीं, अगर आप 24 घंटे के लिए डॉर्मिटरी बेड का इस्तेमाल करना चाहते हैं इसके लिए आपको मात्र 10 रुपए का सर्विस चार्ज देना होगा। 24 घंटे से 48 घंटे तक की अवधि के लिए रिटायरिंग रूम पर 40 रुपए और डॉर्मिटरी बेड पर 20 रुपए का सर्विस चार्ज लिया जाता है। किसी एक यात्री के लिए एक सिंगल बेड रूम या एक डबल बेड रूम या डॉरमेट्री में एक बेड अलॉट किया जा सकता है। वहीं, दो यात्रियों के लिए एक डबल बेड रूम या डॉरमेट्री में दो बेड अलॉट किए जा सकते हैं।
कब इस्तेमाल कर सकते हैं रिटायरिंग रूम
रिटायरिंग रूम की जरूरत लंबी यात्राएं करने वाले यात्रियों को पड़ती है। यात्रा के दौरान, यात्रा से पहले या बाद में आराम और ठहरने के लिए यात्रियों को एक सुरक्षित, साफ और किफायती स्थान की जरूरत पड़ती है। खास कर ट्रेन बदलने, देर रात या सुबह जल्दी ट्रेन होने की स्थिति में स्टेशन पर इस तरह के रूम यात्रियों को समय की बचत, सुविधा और आराम प्रदान करते हैं।
कैसे बुक करें रिटायरिंग रूम
- सबसे पहले https://www.irctctourism.com/ पर आना होगा।
- अब Retiring Room ऑप्शन पर क्लिक कर सकते हैं।
- इसके बाद PNR No. एंटर कर सर्च आइकन पर टैप करें।
- अब जिस स्टेशन पर रूम की जरूरत है, उसे सेलेक्ट करें।
- अब बुकिंग डिटेल्स में सभी जानकारियां भरनी होंगी।
- अब Check Availability पर क्लिक करना होगा।
- Availability मिलने पर रूम बुक कर सकते हैं।