PM Suraksha Bima Yojana: भारत सरकार आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा के लिए कई सारी योजनाएं चलाती है। इन्हीं में से एक है प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY), जो बेहद कम प्रीमियम में दुर्घटना बीमा कवर देती है। खासतौर पर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए यह योजना काफी फायदेमंद साबित हो रही है। चलिए जानते हैं इस योजना के बारे में और इसके फायदे के बारे में भी देखेंगे।
क्या है प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना?
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत केवल ₹20 सालाना प्रीमियम पर ₹2 लाख तक का बीमा कवर मिलता है। यह योजना वर्ष 2015 में शुरू की गई थी। इसमें शामिल होने के लिए आपकी उम्र 18 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए और आपके पास एक बैंक अकाउंट होना आवश्यक है।
बीमा में क्या-क्या कवर होता है?
दुर्घटना में मृत्यु होने पर नामित व्यक्ति को ₹2 लाख की राशि दी जाती है।
वहीं आंशिक रूप से विकलांग होने पर ₹1 लाख मिलते हैं।
यदि बीमाधारक पूर्ण रूप से विकलांग हो जाता है, तो उसे ₹2 लाख का मुआवजा मिलता है।
कैसे करें आवेदन?
इस योजना के तहत बीमा लेने के लिए आप अपनी बैंक शाखा या नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) में जाकर आवेदन कर सकते हैं। एक बार आवेदन करने के बाद बीमा प्रीमियम की राशि बैंक अकाउंट से हर वर्ष ऑटो डेबिट हो जाती है। बीमा की अवधि 1 जून से 31 मई तक होती है और हर साल इसे रिन्यू कराना होता है।
क्यों है ये योजना खास?
इस योजना का मुख्य उद्देश्य उन लोगों को बीमा सुरक्षा देना है जो महंगे प्रीमियम नहीं भर सकते। सिर्फ ₹20 में ₹2 लाख का कवर मिलना इसे देश की सबसे किफायती बीमा योजनाओं में से एक बनाता है।
20 रुपये में भविष्य बनेगा सुरक्षित
अगर आपने अब तक इस योजना का लाभ नहीं उठाया है, तो जल्द से जल्द नजदीकी बैंक या CSC केंद्र पर जाकर इस योजना में शामिल हो सकते हैं और महज ₹20 में अपने भविष्य को सुरक्षित बना सकते हैं।
