यूटिलिटी

Vegetarian Thali: मार्च में इतनी महंगी हो गई वेज थाली, प्याज, टमाटर के बढ़े हुए रेट का दिखा असर

Vegetarian Thali: रिपोर्ट के मुताबिक, कम आवक के कारण एक साल पहले की तुलना में चावल का दाम भी 14 प्रतिशत और दालों की कीमतें 22 फीसदी बढ़ गई हैं ब्रॉयलर मुर्गे की कीमतों में 16 प्रतिशत की गिरावट आने से सालाना आधार पर मांसाहारी थाली की लागत घटी है।

Image

VEG THALI

Photo : iStock

Vegetarian Thali: मार्च महीने में प्याज, टमाटर और आलू की कीमतें बढ़ने से वेज थाली सालाना आधार पर सात फीसदी तक महंगी हो गई। घरेलू रेटिंग एजेंसी क्रिसिल की एक यूनिट ने गुरुवार को यह सर्वे पेश किया। क्रिसिल मार्केट इंटेलिजेंस एंड एनालिसिस ने अपनी मासिक ‘रोटी चावल दर’ रिपोर्ट में कहा कि पॉल्ट्री की कीमतें घटने से पिछले महीने नॉनवेज थाली की लागत में सात प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। वेज थाली में रोटी, सब्जियां (प्याज, टमाटर और आलू), चावल, दाल, दही और सलाद आता है।

वेज थाली की कीमत

वेज थाली की कीमत मार्च में बढ़कर 27.3 रुपये प्रति प्लेट हो गई, जो एक साल पहले की समान अवधि में 25.5 रुपये थी। हालांकि, फरवरी के 27.4 रुपये की तुलना में मार्च में शाकाहारी थाली की कीमत घटी है। रिपोर्ट के अनुसार, आवक कम होने और कम आधार दर के कारण प्याज का दाम सालाना आधार पर 40 फीसदी, टमाटर का दाम 36 फीसदी और आलू का दाम 22 फीसदी बढ़ने से शाकाहारी थाली महंगी हो गई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, कम आवक के कारण एक साल पहले की तुलना में चावल का दाम भी 14 प्रतिशत और दालों की कीमतें 22 फीसदी बढ़ गई हैं।

नॉनवेज थाली

वहीं नॉनवेज थाली की कीमत एक साल पहले की समान अवधि में 59.2 रुपये थी, जो पिछले महीने घटकर 54.9 रुपये रह गई। लेकिन फरवरी के 54 रुपये प्रति थाली की तुलना में इसकी कीमत अब भी अधिक है।

दरअसल, ब्रॉयलर मुर्गे की कीमतों में 16 प्रतिशत की गिरावट आने से सालाना आधार पर मांसाहारी थाली की लागत घटी। मांसाहारी थाली में ब्रॉयलर का भारांक 50 प्रतिशत होता है। हालांकि, फरवरी की तुलना में मार्च में रमजान के पवित्र महीने की शुरुआत होने और अधिक मांग आने से ब्रॉयलर की कीमतें पांच प्रतिशत बढ़ गईं।

TNN Business Desk
TNN बिजनेस डेस्क author

TNN बिजनेस डेस्क

और पढ़ें
End of Article