देश के कई बैंक ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए लगातार फिक्स्ड डिपॉजिट पर ब्याज दर में इजाफा कर रहे हैं। बैंक फिक्स्ड डिपॉजिट को आमतौर पर निवेश के लिए सुरक्षित माना जाता है। इसलिए बड़ी संख्या में लोग एफडी में निवेश करते हैं। देश के कई दिग्गज बैंकों ने हाल ही में फिक्स्ड डिपॉजिट की ब्याज दरों में इजाफा किया है। देश के कई स्मॉल फाइनेंस बैंक भी एफडी पर जोरदार ब्याज ऑफर कर रहे हैं। पांच साल की एफडी पर कौन सा स्मॉल फाइनेंस बैंक सबसे अधिक ब्याज ऑफर कर रहा है जान लीजिए।
उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक
उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक सामान्य नागरिकों को 60 महीने 1 दिन से लेकर 120 महीने की अवधि की एफडी पर 6.50 फीसदी प्रति वर्ष की दर से ब्याज ऑफर कर रहे हैं। वहीं, सीनियर सिटीजन को बैंक 7 फीसदी की दर से ब्याज ऑफर कर रहा है।
जन स्मॉल फाइनेंस बैंक
जन स्मॉल फाइनेंस बैंक सामान्य नागरिकों को 3 वर्ष से अधिक लेकिन 5 वर्ष से कम अवधि की एफडी पर 7.35 फीसदी की दर से ब्याज ऑफर कर रहे हैं। बैंक पांच वर्ष से अधिक और 10 वर्ष तक की एफडी के लिए 7.85 फीसदी की दर से ब्याज ऑफर कर रहा है। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों को समान अवधि के लिए क्रमशः 7.85 प्रतिशत और 7.10 प्रतिशत की दर से ब्याज ऑफर कर रहा है।
इक्विटास स्मॉल फाइनेंस बैंक
इक्विटास स्मॉल फाइनेंस बैंक सामान्य नागरिकों और वरिष्ठ नागरिकों दोनों के लिए 4 वर्ष 1 दिन से लेकर 5 वर्ष तक की अवधि की एफडी पर 7.25 फीसदी की दर से ब्याज ऑफर कर रहा है।
बैंक 5 वर्ष 1 दिन से लेकर 10 वर्ष तक के लिए समान दर से ब्याज देता है।
एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक
एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक सामान्य नागरिकों को 60 महीने से 120 महीने तक की अवधि की एफडी पर 7.25 फीसदी की दर से ब्याज ऑफर कर रहा है।
फिनकेयर स्मॉल फाइनेंस बैंक
फिनकेयर स्मॉल फाइनेंस बैंक सामान्य नागरिकों और वरिष्ठ नागरिकों दोनों को 45 महीने 1 दिन से लेकर 60 महीने से कम अवधि की एफडी पर 7.25 फीसदी की दर से ब्याज ऑफर कर रहा है। बैंक 60 महीने से 120 महीने के लिए समान ब्याज दर प्रदान करता है।
