Cheapest Home Loan: मौजूदा समय में घर खरीदने के लिए लोग बैंक से होम लोन लेते हैं। अगर आप घर खरीदने के लिए होम लोन लेने जा रहे हैं, तो सबसे पहले अलग-अलग बैंकों की ब्याज दर चेक कर लें। क्योंकि होम लोन की अवधि लंबी होती है। इसलिए ब्याज दर में थोड़ा सा भी अंतर लंबे समय में आपके लिए महंगा साबित हो सकता है। उदाहरण के लिए मान लीजिए एक बैंक 15 वर्षों के लिए 50 लाख रुपये का होम 9 फीसदी की दर पर दे रहा है। दूसरा बैंक 9.5 फीसदी की दर पर दे रहा है। इस तरह कैश का आउटफ्लो क्रमश: 96.71 लाख और 99.48 लाख रुपये का हो सकता है। यानी 2.77 लाख रुपये का अंतर ब्याज दर की वजह से आ सकता है।
एचडीएफसी बैंक
एचडीएफसी बैंक 8.75 फीसदी से 9.65 प्रतिशत की सीमा में विशेष ब्याज दरें प्रदान करता है। स्टैंडर्ड दर 9.40 फीसदी से 9.95 फीसदी के बीच है। होम लोन की सबसे सस्ती दर 8.75 फीसदी है और ये 9.95 प्रतिशत तक जाती है।
आईसीआईसीआई बैंक
आईसीआईसीआई बैंक अपने होम लोन पर ब्याज दर दो कैटेगरी में चार्ज करता है। बैंक CIBIL स्कोर के आधार पर प्रति वर्ष 9 से 9.10 प्रतिशत की सीमा में ब्याज दरें लेता है। उदाहरण के लिए, जब क्रेडिट स्कोर 800 होता है, तो बैंक 9 फीसदी की दर से होम लोन पर ब्याज लेता है। जब स्कोर 750 से 800 के बीच होता है, तो सैलरी क्लास वाले के लिए ब्याज दर 9 प्रतिशत और स्व-रोजगार वाले लोगों के लिए 9.10 फीसदी की दर से बैंक ब्याज वसूलता है। ये दरें 31 मई 2024 तक वैध रहेंगी।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया
SBI सिबिल स्कोर के आधार पर 9.15 फीसदी से 9.65 फीसदी की दर पर होम लोन ऑफर करता है। सिबिव स्कोर जितना अधिक होगा, ब्याज दर उतनी ही कम होगी। जब सिबिल स्कोर 750 से ऊपर होता है तो बैंक 9.15 फीसदी की दर से ब्याज वसूलता है। अगर सिबिल स्कोर 550 से 649 के बीच है तो बैंक 9.65 प्रतिशत पर लोन देता है। ये दरें 1 मई, 2023 से लागू हो गईं।
कोटक महिंद्रा बैंक
प्राइवेट सेक्टर का बैंक कोटक महिंद्रा बैंक सैलरी क्लास लोगों के लिए 8.70 फीसदी की दर पर होम लोन ऑफर करता है। वही, स्व-रोजगार वाले लोगों के लिए 8.75 फीसदी की दर पर होम लोन देता है। ये न्यूनतम ब्याज दरें हैं और वास्तविक दर इससे अधिक हो सकती है।
