कानपुर और दिल्ली-NCR के बीच रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। भारतीय रेलवे ने कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के बीच नई रोजाना मेल ट्रेन चलाने को मंजूरी दी है। यह ट्रेन रात में कानपुर से रवाना होगी और अगले दिन सुबह आनंद विहार टर्मिनल पहुंच जाएगी। इससे कानपुर और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के बीच रात के समय सफर करने वाले यात्रियों को एक और विकल्प मिलेगा।
14153/14154 नंबर से चलेगी ट्रेन
नई सेवा ट्रेन नंबर 14153/14154 कानपुर सेंट्रल-आनंद विहार (टी)-कानपुर सेंट्रल Mail के नाम से संचालित होगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में रोजाना चलेगी और रास्ते में कई महत्वपूर्ण शहरों और स्टेशनों को जोड़ेगी। इस ट्रेन के जरिए कानपुर के अलावा इटावा, अलीगढ़, गाजियाबाद और दिल्ली-NCR के यात्रियों को भी सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।
रात 8:40 बजे कानपुर से रवाना होगी
ट्रेन नंबर 14153 कानपुर सेंट्रल–आनंद विहार (टी) मेल कानपुर सेंट्रल से रात 8:40 बजे रवाना होगी। ट्रेन अगले दिन सुबह 4:50 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 14154 आनंद विहार (टी)–कानपुर सेंट्रल मेल आनंद विहार से रात 11:25 बजे रवाना होगी और सुबह 7:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंच जाएगी।
428 किलोमीटर की दूरी तय करेगी
नई मेल ट्रेन दोनों दिशाओं में करीब 428 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। कानपुर से आनंद विहार तक पहुंचने में ट्रेन को निर्धारित समय के अनुसार 8 घंटे 10 मिनट लगेंगे। वहीं आनंद विहार से कानपुर की वापसी यात्रा करीब 8 घंटे में पूरी होगी। रात के समय चलने वाली इस ट्रेन का टाइमिंग खास तौर पर उन यात्रियों के लिए उपयोगी हो सकता है, जो रात में सफर करके सुबह दिल्ली-NCR पहुंचना चाहते हैं।
इन 8 स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव
नई ट्रेन के रास्ते में कुल 8 कॉमर्शियल स्टॉपेज होंगे। इनमें फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद शामिल हैं। इन स्टेशनों पर ठहराव मिलने से आसपास के शहरों और कस्बों के यात्रियों को भी कानपुर और आनंद विहार के बीच इस नई रात की ट्रेन सेवा का सीधा लाभ मिलेगा।
कानपुर-दिल्ली रेल कनेक्टिविटी होगी मजबूत
नई रोजाना मेल ट्रेन कानपुर और आनंद विहार के बीच एक अतिरिक्त रेल विकल्प उपलब्ध कराएगी। रात में दोनों दिशाओं में ट्रेन संचालन होने से यात्रियों को अपने सफर की योजना बनाने में सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही यह सेवा कानपुर, इटावा, अलीगढ़, गाजियाबाद और दिल्ली क्षेत्र के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी। महत्वपूर्ण रेल कॉरिडोर पर नई सेवा शुरू होने से इस रूट पर यात्रियों की आवाजाही के लिए एक और विकल्प उपलब्ध होगा।
