लपीजी गैस सिलेंडर को लेकर हर दिन नई-नई कहानियां और दावे सामने आ रहे हैं, हालांकि जमीनी हकीकत काफी अलग है। जमीनी स्तर पर वास्तव में लोगों को गैस सिलेंडर मिलने में परेशानी हो रही है। बुकिंग के बाद लोगों के पास गैस सिलेंडर डिलीवरी का मैसेज चला जा रहा है लेकिन सिलेंडर मिल ही नहीं रही है। इसी बीच अब देश का पहला LPG ATM खुल गया है। गुरुग्राम में एक नई तकनीकी पहल शुरू हुई है, जहां LPG गैस लेने का तरीका पूरी तरह बदल गया है। यहां LPG ATM लगाया गया है, जिससे लोग अब सिर्फ 2-3 मिनट में गैस सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं।
सोहना के सेक्टर-33 में लगा स्मार्ट मशीन
यह अत्याधुनिक मशीन सेंट्रल पार्क फ्लावर वैली में लगाई गई है। इस मशीन को भारतगैस इंस्टा LPG नाम दिया गया है, जो खासतौर पर रेजिडेंशियल टाउनशिप के लोगों के लिए बड़ी सुविधा लेकर आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक लॉन्चिंग दो महीने पहले हुई थी और अब इसे आम लोगों के लिए शुरू कर दिया गया है।
हल्के और आधुनिक कॉम्पोजिट सिलेंडर की सुविधा
इस मशीन से मिलने वाले LPG सिलेंडर पारंपरिक लोहे के सिलेंडरों से अलग हैं। ये फाइबर से बने कॉम्पोजिट सिलेंडर होते हैं, जिनका कुल वजन लगभग 15 किलो होता है, जबकि पुराने सिलेंडर करीब 31 किलो के होते थे। इसके अलावा, इनका पारदर्शी बॉडी डिजाइन गैस का लेवल आसानी से दिखाता है।
पूरी तरह डिजिटल और ऑटोमेटेड प्रक्रिया
LPG ATM का उपयोग करना बेहद आसान है। उपभोक्ता को अपना मोबाइल नंबर दर्ज करना होता है, OTP से सत्यापन करना होता है, फिर खाली सिलेंडर का QR कोड स्कैन करना होता है। इसके बाद UPI या डेबिट कार्ड से भुगतान करके नया भरा हुआ सिलेंडर तुरंत मिल जाता है, जबकि खाली सिलेंडर मशीन के अंदर जमा हो जाता है।
24x7 उपलब्धता और स्मार्ट अलर्ट सिस्टम
यह मशीन एक बार में 10 सिलेंडर स्टोर कर सकती है। जैसे ही स्टॉक घटकर 2 सिलेंडर रह जाता है, नजदीकी गैस एजेंसी को अलर्ट चला जाता है। सबसे खास बात यह है कि यह सुविधा 24x7 उपलब्ध है, जिससे लोगों को डिलीवरी का इंतजार नहीं करना पड़ता।
लोगों के लिए बड़ी राहत और सुविधा
स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह मशीन रोजमर्रा की जिंदगी को आसान बना रही है। अब उन्हें पहले से बुकिंग करने या डिलीवरी का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। खासकर कामकाजी परिवारों के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित हो रही है।
BPCL का पायलट प्रोजेक्ट
यह पहल भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के पायलट प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य LPG वितरण को तेज, आसान और अधिक सुरक्षित बनाना है। कंपनी का कहना है कि भविष्य में इस तरह की मशीनें और जगहों पर भी लगाई जा सकती हैं।
