Induction Cooktop Buying Guide: गैस की किल्लत और सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के बीच खाना बनाने के लिए इंडक्शन चूल्हा ही एक बढ़िया विकल्प के रूप में नजर आ रहा है। यही वजह है कि ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म पर इंडक्शन चूल्हों के दाम भी बढ़ गए हैं। अगर आप भी एक नया इंडक्शन चूल्हा खरीदने का मन बना रहे हैं तो खरीदारी से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखा जाना बेहद जरूरी है। इस आर्टिकल में आपको इंडक्शन चूल्हा खरीदने को लेकर इन जरूरी बातों की ही जानकारी दे रहे हैं-
पावर और वॉटेज
इंडक्शन कुकटॉप खरीदते समय उसकी पावर सबसे अहम चीज होती है। आमतौर पर 1200 से 2000 वॉट तक के इंडक्शन कुकटॉप बाजार में मिलते हैं। ज्यादा वॉटेज वाला इंडक्शन खाना जल्दी पकाता है, लेकिन इससे बिजली की खपत भी थोड़ी ज्यादा हो सकती है। इसलिए यह आपको तय करना होगा कि आपकी जरूरत खाने पकाने में समय की बचत करना है या बिजली की खपत कम रखना है।
सही साइज और डिजाइन
इंडक्शन कुकटॉप कई साइज और डिजाइन में आते हैं। ऐसे में खरीदारी से पहले यह जान लें कि अगर आपके किचन में जगह कम है तो कॉम्पैक्ट साइज वाला मॉडल बेहतर रहेगा। वहीं बड़े परिवार के लिए थोड़ा बड़ा कुकटॉप ज्यादा सुविधाजनक हो सकता है।
सेफ्टी फीचर्स
अच्छे इंडक्शन कुकटॉप में कई सेफ्टी फीचर्स होते हैं जैसे ऑटो शट-ऑफ, ओवरहीट प्रोटेक्शन और चाइल्ड लॉक। ये फीचर्स दुर्घटनाओं से बचाने में मदद करते हैं, इसलिए खरीदारी के समय इन सुविधाओं को लेकर विशेष ध्यान देने की जरूरत होती है।
प्री-सेट कुकिंग मेन्यू
आजकल कई इंडक्शन कुकटॉप में प्री-सेट कुकिंग मेन्यू दिए जाते हैं जैसे दूध उबालना, फ्राई करना, चाय बनाना या प्रेशर कुकिंग। इससे खाना बनाना आसान और तेज हो जाता है। खरीदारी के दौरान इस प्री- सेट कुकिंग मेन्यू को चेक कर सकते हैं।
इंडक्शन के लिए सही बर्तन
इंडक्शन कुकटॉप में सामान्य बर्तन काम नहीं करते। इसके लिए स्टेनलेस स्टील या आयरन बेस वाले विशेष बर्तन की जरूरत होती है। इसलिए इंडक्शन खरीदने से पहले यह जरूर जांच लें कि आपके बर्तन इसके अनुकूल हैं या नहीं। इंडक्शन खरीद ही रहे हैं तो इसके लिए सही बर्तन भी साथ ही खरीद सकते हैं।
बिजली की खपत और ऊर्जा दक्षता
इंडक्शन चूल्हा बिजली से चलता है, इसलिए उसकी ऊर्जा दक्षता पर ध्यान देना जरूरी है। अच्छी क्वालिटी का इंडक्शन कम बिजली में बेहतर प्रदर्शन करता है और लंबे समय में बिजली का खर्च कम कर सकता है।
वारंटी और ब्रांड
किसी भरोसेमंद कंपनी का इंडक्शन कुकटॉप खरीदना बेहतर होता है। साथ ही कम से कम एक साल की वारंटी जरूर होनी चाहिए। ऐसा इसलिए भी जरूरी है ताकि किसी तकनीकी समस्या आने पर आसानी से सर्विस मिल सके।
