Indian Railways Hikes Passenger Train Fares: यदि आप ट्रेन में सफर करते हैं तो यह खबर आपके लिए जरूरी हो सकती है। भारतीय रेलवे ने कई वर्षों बाद पहली बार यात्री ट्रेनों के किराए में बढ़ोतरी का फैसला किया है। यह नया किराया दर 1 जुलाई 2025 से लागू होगी। इस मामूली बढ़ोतरी के तहत नॉन-एसी मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों और एसी ट्रेनों का भी किराया बढ़ाया गया है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, नॉन-एसी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में अब यात्रियों को प्रति किलोमीटर 1 पैसा अधिक किराया देना होगा, वहीं एसी क्लास के टिकट पर 2 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई है। गौरतलब है कि इसी महीने भारतीय रेलवे ने एक और अहम बदलाव किया है, जिसके तहत तत्काल टिकट बुकिंग के लिए आधार वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है।
11 साल बाद बढ़ा किराया
मीडिया रिपोर्ट्स में रेलवे अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि यह पहली बार है जब कई सालों बाद पैसेंजर ट्रेनों का किराया बढ़ाया गया है। 5 से 6 साल या उससे अधिक समय बाद यह मामूली बढ़ोतरी की गई है, जो 1 जुलाई 2025 से लागू होगी। बता दें कि 2014 में AC और Mail/Express ट्रेनों में किराया बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद 2020 में प्लेटफॉर्म टिकट और कुछ विशेष ट्रेनों में आंशिक बदलाव किया गया था। पहली बार सभी पैसेंजर ट्रेनों में प्रति किमी 1 पैसा (नॉन-AC) और 2 पैसे (AC) की बढ़ोतरी की गई है।
यानी आखिरी बार यात्री किरायों में सीधी बढ़ोतरी साल 2014 में की गई थी, जब तत्कालीन सरकार ने सभी क्लास के लिए किराया बढ़ाया था। उसके बाद समय-समय पर सरचार्ज, शुल्क या टैक्स जैसे मामूली बदलाव हुए, लेकिन इस तरह की सीधी प्रति किलोमीटर किराया वृद्धि लगभग 11 साल बाद (2025 में) की जा रही है।
1 जुलाई से लागू होगा नियम
- Non-AC मेल/एक्सप्रेस: प्रति किलोमीटर 1 पैसा ज्यादा
- AC क्लास: प्रति किलोमीटर 2 पैसे की बढ़ोतरी
- सेकंड क्लास (500km से ज्यादा): 0.5 पैसा प्रति किलोमीटर अतिरिक्त
तत्काल टिकट के लिए आधार अनिवार्य
- 1 जुलाई से IRCTC वेबसाइट या ऐप से बुकिंग अब आधार वेरिफिकेशन के बाद ही संभव
- 15 जुलाई से OTP-बेस्ड आधार ऑथेंटिकेशन भी अनिवार्य होगा
