Indane Chhotu Cylinder 2026: ईरान संकट के कारण गैस की किल्लत बढ़ गई है। शहरों से लेकर गांव तक सिलेंडर मिलना मुश्किल हो रहा है। सबसे अधिक परेशानी छात्रों और प्रवासी मजदूरों को हो रही है क्यों कि उनके पास एक वैलिड गैस कनेक्शन नहीं है। इसके चलते सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। इस समस्या को देखते हुए इण्डेन ने एलान किया है कि 5 किलोग्राम का छोटा सिलेंडर बिना एड्रेस प्रूफ के दिए जाएंगे। यानी आप किसी भी सरकारी आईडी को दिखाकर इस सिलेंडर को घर ला सकते हैं। Indane Chhotu क्या है और इसे कहां से खरीदा जा सकता है, सभी जरूरी जानकारी दे रहे हैं-
Indane Chhotu क्या है
'Indane Chhotu' को Indian Oil Corporation Limited ने लॉन्च किया है। यह एक छोटू यानी 5 किलोग्राम LPG सिलेंडर है, जो कि एक छोटा और सुविधाजनक कुकिंग गैस विकल्प है। कंपनी की ओर से Indane Chhotu को खास तौर पर शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के प्रवासी लोगों, कम गैस इस्तेमाल करने वाले परिवारों और छोटे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए पेश किया गया है। अच्छी बात ये है कि Indane के तहत उपलब्ध छोटू यानी मिनी कुकिंग गैस सिलेंडर बिना एड्रेस प्रूफ के केवल कोई भी सरकारी पहचान पत्र देकर आसानी से लिया जा सकता है और देशभर में किसी भी शहर में इस्तेमाल किया जा सकता है।
कहां से लें छोटू गैस सिलेंडर
ग्राहक अपने छोटू गैस सिलेंडर को इंडेन डिस्ट्रीब्यूटर के नेटवर्क के साथ-साथ इंडियन ऑयल रिटेल आउटलेट्स, चुनिंदा किराना स्टोर्स और स्थानीय सुपरमार्केट से भी प्राप्त कर सकते हैं।
500 रुपए लेकर वापस करने की भी सुविधा
ग्राहक अपनी सुविधा के अनुसार छोटू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल किसी भी शहर में कर सकते हैं। अगर सिलेंडर पॉइंट ऑफ सेल से खरीदा गया है, तो ग्राहक इसे इस्तेमाल करने के बाद 500 रुपए लेकर वापस कर सकते हैं। Indane Chhotu को चाहे कितने भी समय तक इस्तेमाल किया गया हो, इसे वापस लौटाया जा सकता है।
security deposit की नहीं जरूरत
छोटू गैस सिलेंडर खरीदने के लिए ग्राहकों को कोई सुरक्षा जमा राशि (security deposit) देने की जरूरत नहीं है। इसका मतलब है कि ग्राहक बिना किसी अतिरिक्त बोझ के सीधे सिलेंडर खरीद सकते हैं। पहली बार सिलेंडर ले रहे हैं तो Indane Chhotu का इस्तेमाल कर सकते हैं।
घर पर होगी डिलीवरी
छोटू गैस सिलेंडर को घर पर डिलीवर भी करवाया जा सकता है। इंंडियन ऑयल की ऑफिशियल वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, ग्राहक पॉइंट ऑफ सेल के माध्यम से छोटू सिलेंडर का रिफिल भी मंगवा सकते हैं और इसके लिए अतिरिक्त डिलीवरी चार्ज प्रति रिफिल देना होगा। इससे ग्राहकों को घर बैठे सिलेंडर रिफिल करने की सुविधा मिलती है और उन्हें कहीं जाने की जरूरत नहीं रहती।
