Perfect AC For Room Size: भीषण गर्मियों की शुरुआत हो चुकी है। अगर आप अपने कमरे के लिए AC खरीदने के बारे में विचार कर रहे हैं, तो यह खबर आपके काफी काम की हो सकती है। AC का साइज आपके कमरे के साइज पर निर्भर करता है। AC की कूलिंग क्षमता को BTU में मापा जाता है। अगर आप अपने कमरे के लिए ज्यादा बड़ा AC चुनते हैं तो आप न सिर्फ फिजूलखर्ची करते हैं, बल्कि ज्यादा बड़े AC की वजह से आपका बिजली बिल भी ज्यादा आता है। आज हम आपको बताते हैं कि आप अपने कमरे के लिए सही साइज का AC कैसे चुन सकते हैं?
किन बातों पर निर्भर करता है AC का साइज?
AC का साइज आपके कमरे के साइज पर तो निर्भर होता ही है, साथ ही यह कुछ अन्य बातों पर भी निर्भर होता है। उदाहरण के लिए अगर कमरा ग्राउंड फ्लोर पर है तो आपको कम कूलिंग चाहिए होगी, जबकि अगर कमरा टॉप फ्लोर पर है तो आपको ज्यादा कूलिंग की जरूरत पड़ेगी। ऐसा इसलिए क्योंकि धूप की वजह से आपका कमरा ज्यादा गर्म होगा और कमरे में मौजूद गर्मी को निकालने के लिए आपको ज्यादा कूलिंग क्षमता वाला AC चाहिए होगा। ठीक इसी तरह आपके कमरे में कितनी खिड़कियां हैं और वेंटिलेशन कैसा है, यह भी तय करेगा कि आपको कितनी कूलिंग चाहिए। इसी तरह कमरे में कितने लोग हैं, इससे भी AC की कूलिंग क्षमता निर्धारित होती है। लोग ज्यादा होने पर कूलिंग ज्यादा चाहिए होती है और लोग कम होने पर कम कूलिंग से भी काम चल जाता है।
किस कमरे के लिए कौन सा AC?
AC की कूलिंग क्षमता को BTU (ब्रिटिश थर्मल यूनिट) में मापा जाता है। 1 टन का AC आपको 12,000 BTU की कूलिंग देता है। 12X12 के कमरे के लिए 5000 BTU की कूलिंग क्षमता चाहिए होती है। आइये आपको कमरे के हिसाब से सही AC साइज के बारे में बताते हैं। 90 स्क्वेयर फीट बड़े कमरे के लिए 0.75 टन का AC ठीक रहता है। वहीं अगर कमरा 91-130 स्क्वेयर फीट बड़ा है तो आपको 1 टन का AC खरीदने के बारे में विचार करना चाहिए। कमरे का साइज 130-190 स्क्वेयर फीट है तो आपको 1.5 टन का AC खरीदना चाहिए जबकि 190-250 स्क्वेयर फीट बड़े कमरे के लिए 2 टन का AC चाहिए होता है।
