यूटिलिटी

खाना बनाने के बीच ही खत्म न हो जाए गैस, रसोईघर का LPG सिलेंडर कितने दिन में खत्म होगा; ऐसे करें पता

किचन में काम करते समय अचानक गैस का खत्म होना और फिर खाना अधपका रह जाना हर दूसरे घर में सिलेंडर से जुड़ी आम परेशानी है। मौजूदा हालातों में जब एलपीजी की किल्लत बनी हुई है हर किसी के लिए यह जानना और भी जरूरी हो जाता है कि रसोईघर का सिलेंडर खत्म होने की तारीख का कैसे पता लगा सकते हैं।

Image

LPG Cylinder कितने दिन में होगा खत्म (Photo: iStock)

एलपीजी सिलेंडर की किल्लत के बीच यह कैसे जाना जाए कि घर की रसोई में इस्तेमाल होने वाला सिलेंडर कितने दिन और चलने वाला है। मौजूदा हालातों को देखते हुए हर दूसरे व्यक्ति को इस सवाल के जवाब की जरूरत महसूस हो रही होगी। घर में इस्तेमाल होने वाला LPG गैस सिलेंडर रोजमर्रा की जरूरतों का एक अहम हिस्सा है। वहीं, खाना बनाने के बीच अचानक गैस का खत्म हो जाना सिलेंडर से जुड़ी एक आम परेशानी है। खासकर जब घर में एक ही गैस सिलेंडर की व्यवस्था हो तो यह एक बड़ी परेशानी बन जाती है। अगर कुछ संकेतों पर ध्यान दिया जाए तो पहले से अंदाजा लगाया जा सकता है कि सिलेंडर कितने दिन में खत्म हो सकता है।

गैस की लौ में बदलाव

सिलेंडर खत्म होने का सबसे पहला संकेत गैस की लौ (फ्लेम) में बदलाव होता है। जब सिलेंडर में गैस कम होने लगती है तो चूल्हे की आग पहले की तुलना में कमजोर हो जाती है। कई बार लौ छोटी या पीली दिखाई देने लगती है। अगर ऐसा लगातार हो रहा है तो समझ लें कि सिलेंडर में गैस कम बची है।

खाना बनने में ज्यादा समय

अगर पहले की तुलना में खाना बनने में ज्यादा समय लग रहा है तो यह भी गैस कम होने का संकेत हो सकता है। गैस का दबाव कम होने से बर्नर की गर्मी कम हो जाती है, जिससे पानी उबलने या सब्जी पकने में ज्यादा समय लगता है।

सिलेंडर का वजन

जब नया सिलेंडर लगाया जाता है तो उसका वजन काफी ज्यादा होता है। लेकिन जैसे-जैसे गैस का इस्तेमाल होता है, सिलेंडर हल्का महसूस होने लगता है। अगर आपको सिलेंडर पहले से ज्यादा हल्का लगने लगे तो समझ लें कि गैस कम बची है और जल्द ही खत्म हो सकती है।

सिलेंडर फिल करवाने की तारीख

घर की रसोई में इस्तेमाल होने वाला गैस सिलेंडर कितने दिन में खत्म होगा, यह उसकी खपत पर निर्भर करता है। बड़े परिवार में सिलेंडर कम दिन चल सकता है वहीं छोटे परिवार में यही सिलेंडर डेढ़ से ढाई महीने तक चल जाता है। ऐसे में गैस की खपत को लेकर एक अंदाजा लगाया जा सकता है कि आपके घर का सिलेंडर कितने दिन चलता है। लास्ट बुकिंग डेट और इससे पिछली डेट के आधार पर अगली बुकिंग डेट का अंदाजा लगा सकते हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article