Gold Price Today: ग्लोबल मार्केट में जबरदस्त ट्रेंड के बीच देश की राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोने का भाव 940 रुपये प्रति 10 ग्राम महंगा हो गया। सोने की कीमत में आए इस उछाल के बाद दिल्ली में 10 ग्राम सोने की कीमत बढ़कर 62,020 रुपये हो गई है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने ये जानकारी दी। बताते चलें कि पिछले कारोबारी सत्र में सोने के दाम 61,080 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुए थे। सोने के साथ चांदी की कीमत भी गुरुवार को 660 रुपये की बढ़त के साथ 76,700 रुपये प्रति किलो हो गई।
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में 2,039.50 डॉलर प्रति औंस हुआ सोने का भाव
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘ग्लोबल मार्केट में कल रात की तेजी के बाद देश के घरेलू बाजार में सोना रिकॉर्ड ऊंचाई को छू गया है।’’ बताते चलें कि विदेशी बाजारों में सोना बढ़त के साथ 2,039.50 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी भी उछाल के साथ 25.50 डॉलर प्रति औंस पहुंच गई।
आखिर इतनी तेजी से क्यों बढ़ रही हैं सोने की कीमत
सौमिल गांधी ने कहा कि स्टैंडर्ड इंटरेस्ट रेट में 25 बेसिस पॉइन्ट (चौथाई प्रतिशत) की हालिया बढ़ोतरी के बाद अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा अगली मीटिंग से सख्त मौद्रिक नीति पर रोक लगाने के संकेत से डॉलर और बॉन्ड प्रतिफल में गिरावट आने के कारण गुरुवार को एशियाई कारोबारी घंटों में सोने की कीमतों में तेजी आई है।
महंगा सोना फीका कर सकता है शादी का सीजन
बताते चलें कि भारत में अभी शादी-विवाह का टाइम चल रहा है, ऐसे में सोने की ऊंची कीमतों से सबसे ज्यादा आम लोगों पर बुरा असर पड़ेगा। आसमान छू रहे सोने के भाव शादियां का मजा फीका कर सकते हैं। ज्यादा कीमत होने के कारण सोने की खरीदारी पर बुरा असर पड़ सकता है, जिसका सीधा असर देश के सर्राफा बाजार पर पड़ेगा।
भाषा इनपुट्स के साथ
