यूटिलिटी

गर्मियों में गैस सिलेंडर के इस्तेमाल में न करें ये 7 गलतियां, कहीं हो न जाए कोई बड़ा हादसा

गर्मियों में गैस सिलेंडर इस्तेमाल करते समय थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ऐसे में गैस पाइप रेगुलेटर और सिलेंडर इस्तेमाल करते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी हो जाता है।

Image

LPG Cylinder (Photo: iStock)

देश के कई राज्यों में तापमान 48 डिग्री तक पहुंच गया है। इस चिलचिलाती गर्मी में घरों में गैस सिलेंडर इस्तेमाल करते समय ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। बढ़ते तापमान की वजह से गैस पाइप, रेगुलेटर और सिलेंडर लीक होने का खतरा बढ़ जाता है। इससे बचने के लिए सावधानी और सर्तकता बहुत जरूरी है। छोटी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए गर्मियों में गैस सिलेंडर इस्तेमाल करते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी हो जाता है। आइए जानते हैं गैस सिलेंडर को लेकर कौन-सी बातों का ध्यान रखना चाहिए-

गैस सिलेंडर को लेकर इन बातों का रखें खास ध्यान

LPG Cylinder

LPG Cylinder (Photo: iStock)

  • अगर आपके किचन में सीधी धूप आती है और उसी स्थान पर गैस सिलेंडर रखा है तो उसे कहीं और शिफ्ट कर दें। सिलेंडर को हमेशा ऐसी जगह रखना चाहिए जहां हवा आती-जाती रहे। बहुत ज्यादा गर्म जगह या धूप में सिलेंडर रखने से खतरा बढ़ सकता है।
  • सिर्फ सिलेंडर की जगह ही नहीं बल्कि उसे रखने का तरीका भी मायने रखता है। कई लोग जगह बचाने के लिए सिलेंडर को टेढ़ा रख देते हैं, लेकिन गैस सिलेंडर हमेशा सीधा खड़ा रखना चाहिए। इससे गैस का प्रेशर सही रहता है और लीकेज का खतरा कम होता है।
  • गर्मी का असर गैस पाइप पर भी पड़ता है। बढ़ते तापमान की वजह से रबर पाइप जल्दी खराब हो सकता है। इसलिए उसे समय समय पर चेक करते रहना जरूरी है। अगर पाइप में कट या दरार से हल्की गैस की बदबू महसूस हो तो उसे तुरंत बदल देना चाहिए। सुरक्षा के लिए हमेशा ISI मार्क वाला पाइप का ही इस्तेमाल करना चाहिए।
  • अगर कभी किचन में गैस की बदबू आए तो घबराएं नहीं। सबसे पहले रेगुलेटर बंद करें और दरवाजे-खिड़कियां खोल दें, ताकि गैस बाहर निकल सके। इस दौरान कोई भी इलेक्ट्रिक स्विच ऑन या ऑफ नहीं करना चाहिए, क्योंकि छोटी सी चिंगारी भी आग का कारण बन सकती है।
  • बहुत से लोग खाना बनाने के बाद सिर्फ चूल्हे का नॉब बंद कर देते हैं लेकिन रेगुलेटर चालू छोड़ देते हैं। जबकि इस्तेमाल के बाद रेगुलेटर भी बंद करना जरूरी होता है ताकि गैस सप्लाई पूरी तरह बंद हो जाए। गर्मी में इस बात का खास ख्याल रखना चाहिए।
  • गर्मी में गैस स्टोव के आसपास कागज, प्लास्टिक, कपड़ा या दूसरी जल्दी आग पकड़ने वाली चीजें नहीं रखनी चाहिए। गर्मी के मौसम में आग फैलने का खतरा ज्यादा रहता है, इसलिए किचन में थोड़ी सावधानी जरूरी हो जाती है।
  • अगर गैस सिलेंडर या चूल्हे से लीकेज का शक हो तो माचिस जलाकर चेक करने की गलती बिल्कुल नहीं करनी चाहिए।

गर्मी के मौसम में थोड़ी सी सावधानी आपके घर और परिवार दोनों को सुरक्षित रख सकती है। इसलिए गैस सिलेंडर इस्तेमाल करते समय छोटी-छोटी बातों को नजरअंदाज करने से बचें।

Authored By- Saanvi Suryavanshi

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article