आज के समय में आधार कार्ड हमारी पहचान से जुड़ा सबसे जरूरी दस्तावेज बन चुका है। बैंक में खाता खुलवाना हो, नया मोबाइल सिम लेना हो, लोन के लिए आवेदन करना हो या किसी सरकारी योजना का फायदा उठाना हो, कई जगह आधार नंबर मांगा जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि हर जगह अपना 12 अंकों का असली आधार नंबर देना जरूरी नहीं है? ऐसा करने से आपकी निजी जानकारी गलत हाथों में पहुंचने का खतरा भी रहता है। इसी परेशानी को कम करने के लिए UIDAI यानी भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने Virtual ID (VID) की सुविधा शुरू की है।
VID एक 16 अंकों का अस्थायी नंबर होता है, जिसे आप अपने असली आधार नंबर की जगह इस्तेमाल कर सकते हैं। इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं है। आप घर बैठे ऑनलाइन या SMS के जरिए इसे जनरेट कर सकते हैं। आइए जानते हैं कि आधार की Virtual ID क्या है, इसे बनाने के कौन-कौन से तरीके हैं और इसका इस्तेमाल कहां किया जा सकता है।
क्या होती है Aadhaar Virtual ID?
आधार Virtual ID यानी VID एक 16 अंकों का खास नंबर है, जो आपके 12 अंकों के आधार नंबर से जुड़ा होता है। इसे आधार के एक विकल्प के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है। जब आप किसी बैंक, मोबाइल कंपनी या दूसरी संस्था में आधार के जरिए पहचान वेरिफाई करवाते हैं, तो वहां अपना असली आधार नंबर देने के बजाय VID दे सकते हैं। इससे आपकी असली आधार डिटेल्स लीक नहीं होती है। खास बात यह है कि VID को जरूरत के हिसाब से दोबारा जनरेट भी किया जा सकता है। यानी आप चाहें तो अपनी पुरानी VID की जगह नई VID बना सकते हैं।
घर बैठे इन 4 तरीकों से बनाएं आधार VID
UIDAI ने लोगों की सुविधा के लिए Virtual ID बनाने और पहले से बनी VID को दोबारा प्राप्त करने के कई विकल्प दिए हैं। आप अपनी सुविधा के अनुसार इनमें से कोई भी तरीका अपना सकते हैं।
myAadhaar वेबसाइट से ऐसे बनाएं VID
VID जनरेट करने के लिए आपको कहीं भी जाने की जरूरत नहीं है। अगर आपके पास इंटरनेट की सुविधा है तो आप घर बैठे खुद से ही ऑनलाइन इसे क्रिएट कर सकते हैं। आइए आपको इसका स्टेप बाय स्टेप तरीका बताते हैं।
- सबसे पहले UIDAI के आधिकारिक पोर्टल https://myaadhaar.uidai.gov.in/ पर जाएं।
- वेबसाइट के होमपेज पर उपलब्ध 'VID Generator' विकल्प को चुनें।
- अब अपना 12 अंकों का आधार नंबर और स्क्रीन पर दिया गया कैप्चा भरें।
- आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा। इसे निर्धारित जगह पर दर्ज करें।
- इसके बाद 'Generate VID' विकल्प पर क्लिक करें।
इतना करते ही आपकी 16 अंकों की Virtual ID जनरेट हो जाएगी। इसकी जानकारी आपको स्क्रीन पर दिखाई देगी और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर SMS भी मिल सकता है।
mAadhaar ऐप से भी बना सकते हैं Virtual ID
अगर आप स्मार्टफोन इस्तेमाल करते हैं, तो mAadhaar ऐप के जरिए भी VID जनरेट करने की सुविधा का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले अपने फोन में आधिकारिक mAadhaar ऐप खोलें। इसके बाद जरूरी लॉग-इन प्रक्रिया पूरी करें। अब ऐप के Services सेक्शन में जाएं और 'Generate Virtual ID' का विकल्प खोजें। यहां मांगी गई जानकारी भरें और OTP के जरिए मोबाइल नंबर का वेरिफिकेशन पूरा करें। इसके बाद प्रॉसेस पूरा होने के बाद आपकी Virtual ID जनरेट हो जाएगी।
बिना इंटरनेट SMS से बनाएं अपनी VID
जिन लोगों के पास इंटरनेट नहीं है या जो वेबसाइट इस्तेमाल नहीं करना चाहते, उनके लिए UIDAI ने SMS की सुविधा भी दी है। इसके लिए आपको अपने आधार से जुड़े रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 1947 पर SMS भेजना होगा।
- नया VID बनाने के लिए मैसेज में GVID लिखें।
- इसके बाद स्पेस देकर अपने आधार नंबर के आखिरी 4 अंक लिखें।
- अब इस मैसेज को 1947 पर भेज दें।
कहां-कहां इस्तेमाल कर सकते हैं VID?
आधार Virtual ID का इस्तेमाल उन सेवाओं में किया जा सकता है, जहां आधार बेस्ड ऑथेंटिकेशन या ई-KYC की सुविधा उपलब्ध है।
- बैंकिंग सेवाएं: बैंक में नया खाता खुलवाने या KYC अपडेट कराने के दौरान।
- मोबाइल सिम: नया मोबाइल कनेक्शन लेते समय आधार आधारित पहचान वेरिफाई करने के लिए।
- सरकारी योजनाएं: पात्र सरकारी योजनाओं और सब्सिडी से जुड़ी पहचान के दौरान।
- EPF और इंश्योरेंस: जहां आधार आधारित वेरिफिकेशन की सुविधा दी जाती है।
- डिजिटल सेवाएं: DigiLocker और दूसरे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध आधार ऑथेंटिकेशन सर्विस में।
- आधार लॉक-अनलॉक: आधार नंबर लॉक होने पर VID का इस्तेमाल करके संबंधित ऑथेंटिकेशन प्रॉसेस को पूरा करने में।
बदल सकते हैं Virtual ID
आपको बता दें कि Virtual ID स्थायी नंबर नहीं है। आप चाहें तो पुरानी VID की जगह नई VID जनरेट कर सकते हैं। इससे आपको अपने आधार डिटेल्स को सेफ बनाए रखने में मदद मिलती है। VID बनाने के लिए आपको किसी नए दस्तावेज की जरूरत नहीं होती। यह आपके मौजूदा आधार नंबर से जुड़ी होती है। हालांकि, इसे जनरेट करने के लिए रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP की जरूरत पड़ सकती है।
