Atal Pension Yojana (APY): भारत सरकार की ओर नागरिकों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई जाती हैं। इन्हीं योजनाओं में से एक अटल पेंशन योजना (APY) है। यह केंद्र की ओर से चलाई जा रही एक ओल्ड एज इनकम सिक्योरिटी स्कीम है। यानी वृद्धावस्था के दौरान आप अपने लिए आज के निवेश से पेंशन की व्यवस्था कर सकते हैं। यह पेंशन आपको सरकार की ओर से दी जाएगी। इस योजना के तहत 1000-5000 रुपए तक की पेंशन दी जाती है। यह योजना मुख्य रूप से असंगठित क्षेत्र के कर्मचारियों की लंबी उम्र के जोखिम (longevity risk) को ध्यान में रखते हुए बनाई गई है।
इस योजना का उद्देश्य है कि कामगार लोग अपनी इच्छा से अपनी सेवानिवृत्ति (retirement) के लिए बचत करें, ताकि वृद्धावस्था में उन्हें नियमित आय मिल सके।
योजना के लिए पात्रता
इस योजना का लाभ लेने के लिए पात्रता को पूरा किया जाना जरूरी है-
- योजना में शामिल होने की न्यूनतम आयु 18 वर्ष रखी गई है।
- योजना में शामिल होने की अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है।
- पेंशन प्राप्त करने की आयु 60 वर्ष तय की गई है।
- योजना का लाभ आयकरदाता नहीं ले सकते हैं।
5000 रुपए की पेंशन कैसे मिलेगी
अटल पेंशन योजना (APY) में जितनी जल्दी निवेश शुरू किया जाएगा पेंशन की रकम उतनी ही बड़ी और निवेश की राशि उतनी ही कम होगी। अगर आप 18 वर्ष की उम्र से ही योजना में निवेश करना शुरू कर देते हैं तो महीने के मात्र 210 रुपए के निवेश से 60 वर्ष की आयु के बाद 5000 रुपए की मासिक पेंशन पा सकते हैं। यह निवेश मासिक, त्रैमासिक या छमाही आधार पर किया जा सकता है। आप 18 वर्ष की उम्र में तीन महीने में 626 रुपए या छमाही आधार पर 1239 रुपए का निवेश भी कर सकते हैं। 5000 रुपए की मासिक पेंशन के लिए वहीं, अगर आपकी उम्र 20-30 वर्ष है तो इसी योजना के लिए आपका मासिक निवेश 248 रुपए-577 रुपए हो जाएगा।
योजना में कैसे हों शामिल
योजना के लिए आपके पास एक सेविंग अकाउंट होना जरूरी है। योजना में शामिल होने के लिए आप अपने बैंक से जानकारी ले सकते हैं। इसके अलावा, ऑनलाइन इस वेबसाइट https://enps.nps-proteantech.in/eNPS/ApySubRegistration.html
पर भी विजिट कर अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। योजना में नेट बैंकिंग के जरिए भी शामिल हो सकते हैं। एक बार योजना के लिए रजिस्ट्रेशन करवा लेते हैं तो आपका प्रीमियम बैंक अकाउंट से ऑटो डेबिट फैसिलिटी के जरिए जमा होना शुरू हो जाएगा।
