अगर आप रिटायरमेंट के बाद के लिए किसी पेंशन स्कीम को खोज रहे हैं तो आप अटल पेंशन योजना (एपीवाई) के विकल्प पर जा सकते हैं। यह भारत के सभी नागरिकों, विशेष रूप से गरीबों, वंचितों और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए शुरू की गई एक स्वैच्छिक पेंशन योजना है। इस योजना के तहत, 60 वर्ष की आयु प्राप्त करने के बाद लाभार्थियों को प्रतिमाह 5000 रुपए तक की पेंशन मिलती है। पेंशन की यह राशि व्यक्ति के योगदान और उसकी उम्र पर निर्भर करेगी। भारत सरकार ने एपीवाई 9 मई 2015 को शुरू की, जो 1 जून 2015 से प्रभावी हुई ।
कौन ले सकता है योजना का लाभ
एपीवाई के लिए केंद्र की ओर से कुछ पात्रता मानदंडों को भी पेश किया गया है। पात्रता मानदंडों को पूरा करने की स्थिति में ही भारतीय नागरिक इस योजना का लाभ सकते हैं। पात्रता मानदंडों के अनुसार, आपकी उम्र 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आपके पास बचत बैंक खाता/डाकघर बचत बैंक खाता होना चाहिए। नियमों के अनुसार, 1 अक्टूबर, 2022 से, कोई भी भारतीय नागरिक जो आवेदन की तिथि पर आयकर अधिनियम, 1961 के तहत आयकर दाता है या रहा है, नया एपीवाई खाता खोलने के लिए पात्र नहीं होगा।
कैसे करें योजना में निवेश
योजना के लिए आवेदन करना चाहते हैं तो अपने बैंक से संपर्क कर सकते हैं। केवाईसी और सभी जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आपको योजना के लिए प्रीमियम की जानकारी दे दी जाती है। यह प्रीमियम आपके खाते से मंथली, तीन महीने या छमाही आधार पर काटा जाता है। हालांकि, जितनी कम उम्र में आप इस योजना में निवेश करेंगे प्रीमियम की राशि उतनी ही कम होगी। उदाहरण के लिए अगर 18 वर्ष की आयु में निवेश किया जाता है तो 60 वर्ष की आयु के बाद 5000 रुपए की मासिक पेंशन लेने के लिए आपको हर महीने 210 रुपए का योगदान देना होगा। वहीं, अगर 40 वर्ष की आयु में निवेश किया जाता है तो 60 वर्ष की आयु के बाद 5000 रुपए की मासिक पेंशन लेने के लिए हर महीने 1454 रुपए का योगदान देना होगा।
लाभार्थी की मृत्यु हो जाए तो क्या होगा
नियमों के अनुसार, अगर किसी स्थिति में एपीवाई के लाभार्थी की मृत्यु 60 वर्ष से पहले ही हो जाती है तो इस योजना का लाभ पेंशन के रूप में व्यक्ति के पति या पत्नी को मिलता है। हालांकि, इसके लिए पार्टनर को मूल सदस्य की योजना के लिए तय उम्र तक योगदान जारी रखना होगा।
एपीवाई के अंतर्गत पेंशन लाभ 2035 से शुरू होने की उम्मीद है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 30 नवंबर 2025 तक अटल पेंशन योजना से कुल 8,45,17,419 लोग जुड़ चुके हैं।
