यूटिलिटी

चिलचिलाती गर्मी में भी बर्फ जैसी ठंडी रहेगी पानी की बोतल, जान लें ये देसी जुगाड़

गर्मी के मौसम में बाहर निकलते समय सबसे बड़ी चुनौती होती पीने के पानी को ठंडा रखना होती है। कई बार महंगी बोतलें भी कुछ ही देर में पानी को चाय जैसा गर्म कर देती हैं।

Image

Keep water cold without fridge (Photo: AI Generated)

Keep water cold without fridge: अप्रैल यानी गर्मियों की शुरुआत हो चुकी है। गर्मियों में बाहर निकलते ही सबसे बड़ी परेशानी पानी को लेकर ही आती है। घर से बाहर पानी की बोतल लेकर निकलो तो यह देखते ही देखते ही गर्म हो जाती है और जरूरत पड़ने पर ठंडे पानी की प्यास नहीं बुझ पाती। सोच कर देखिए तापमान 40 डिग्री के पार चला जाए तो कुछ ही देर में बोतल का पानी उबलता हुआ महसूस होने लगेगा। ऐसे में कुछ देसी जुगाड़ अपना सकते हैं, जिनकी मदद से आप बिना फ्रिज के भी पानी को लंबे समय तक ठंडा रख सकते हैं।

Keep water cold without fridge

Keep water cold without fridge (Photo: iStock)

गीले कपड़े का इस्तेमाल

सबसे आसान तरीका गीले कपड़े का इस्तेमाल करना हो सकता है। अपनी पानी की बोतल को किसी गीले कपड़े या रूमाल में लपेट दें। जब यह कपड़ा हवा के संपर्क में आता है, तो उसमें मौजूद पानी धीरे-धीरे वाष्पित (evaporate) होता है और इस प्रक्रिया में बोतल की गर्मी को खींच लेता है। इससे पानी ठंडा बना रहता है। अगर हवा चल रही हो तो यह तरीका और भी असरदार होता है।

मटके का इस्तेमाल

घर पर पानी को ठंडा रखने के लिए मिट्टी के बर्तन (मटका) का इस्तेमाल कर सकते हैं। पीने के पानी को प्लास्टिक या स्टील की बोतल के बजाय मटके में रखें। मिट्टी के बर्तन में छोटे-छोटे छिद्र होते हैं, जिनसे पानी धीरे-धीरे बाहर आता है और वाष्पीकरण के जरिए ठंडक पैदा करता है। यही कारण है कि मटके का पानी प्राकृतिक रूप से ठंडा और स्वादिष्ट लगता है।

छांव और हवा वाली जगह

पानी की बोतल को ठंडा रखने के लिए उसे हमेशा छांव और हवा वाली जगह पर रखना एक बेहद आसान और असरदार तरीका है। कोशिश करें कि बोतल को सीधे धूप में बिल्कुल न रखें, क्योंकि तेज धूप में बोतल बहुत जल्दी गर्म हो जाती है। इसे किसी पेड़ की छांव, कमरे के ठंडे कोने, बैग के अंदर या ऐसी जगह रखें जहां हवा का अच्छा प्रवाह हो। अगर हल्की हवा चल रही हो तो ठंडक और ज्यादा देर तक बनी रहती है।

आधी बोतल फ्रीज

अगर आप घर से बाहर निकल रहे हैं, तो आधी बोतल को फ्रीज करना एक बहुत ही स्मार्ट जुगाड़ है। इसके लिए पहले बोतल में आधा पानी भरकर उसे फ्रीजर में जमा लें। जब पानी बर्फ बन जाए, तब उसमें ऊपर से सामान्य पानी भर दें। बाहर निकलने के बाद यह बर्फ धीरे-धीरे पिघलती रहती है और लंबे समय तक पानी को ठंडा बनाए रखती है। यह तरीका खासकर लंबी यात्रा, ऑफिस या स्कूल जाने वालों के लिए काम का साबित हो सकता है।

इंसुलेटेड बोतल या थर्मस का इस्तेमाल

गर्मियों में अगर आप लंबे समय तक ठंडा पानी चाहते हैं तो इंसुलेटेड बोतल या थर्मस का इस्तेमाल एक बेहतरीन विकल्प है। ये बोतलें खास तकनीक से बनाई जाती हैं, जो अंदर के तापमान को बाहर की गर्मी से बचाकर रखती हैं। भले ही ये सामान्य बोतलों के मुकाबले थोड़ी महंगी होती हैं, लेकिन उनकी उपयोगिता भी उतनी ही ज्यादा होती है। एक बार ठंडा पानी भरने के बाद यह कई घंटों तक उसी तापमान को बनाए रखती हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article