यूटिलिटी

Aadhaar में बार-बार बदल सकते हैं डिटेल्स? जानिए कौन-सी जानकारी कितनी बार होती है अपडेट

आधार कार्ड भारत में रहने वाले लोगों के लिए पहचान से जुड़ा एक जरूरी डॉक्यूमेंट है। इस डॉक्यूमेंट में सारी जानकारी सही होना जरूरी है। हालांकि, अगर आधार में कोई जानकारी पुरानी है तो इसे अपडेट करवाया जा सकता है।

Image

आधार कार्ड को कितनी बार अपडेट कर सकते हैं ? (AI Generated Image)

Aadhaar Update Limits: आधार कार्ड (Aadhaar Card) भारत में सबसे महत्वपूर्ण पहचान डॉक्यूमेंट में से एक है। बैंकिंग से लेकर सरकारी योजनाओं और कई दूसरी सेवाओं में इसकी जरूरत पड़ती है। ऐसे में आधार में दर्ज नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर या दूसरी जानकारी सही होना काफी जरूरी है। अच्छी बात ये है कि अगर आधार में कोई जानकारी गलत है या समय के साथ उसमें बदलाव हुआ है तो उसे अपडेट कराया जा सकता है।

आधार को बार-बार कर सकते हैं अपडेट?

लेकिन क्या आधार की हर जानकारी को बार-बार बदला जा सकता है? इसका जवाब है- नहीं। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने कुछ जानकारियों को अपडेट करने की लिमिट तय की है। वहीं, कुछ जानकारियों को जरूरत के अनुसार अपडेट किया जा सकता है। आइए जानते हैं कौन-सी जानकारी कितनी बार अपडेट करवाई जा सकती है-

नाम कितनी बार बदल सकते हैं?

UIDAI के अनुसार आधार में नाम को जीवन में अधिकतम 2 बार अपडेट किया जा सकता है। इसमें नाम में मामूली सुधार या नाम में बदलाव शामिल हो सकता है। नाम में बदलाव के लिए संबंधित वैध दस्तावेज की जरूरत पड़ सकती है और इसके लिए आधार सेवा केंद्र जा सकते हैं।

DOB कितनी बार अपडेट होगी?

आधार में जन्मतिथि को जीवन में केवल एक बार अपडेट किया जा सकता है। UIDAI की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक एक बार जन्मतिथि अपडेट होने के बाद उसे सामान्य प्रक्रिया के तहत दोबारा बदलने की अनुमति नहीं है।

जेंडर कितनी बार बदल सकते हैं?

UIDAI के नियमों के अनुसार आधार में जेंडर को भी जीवन में केवल एक बार अपडेट किया जा सकता है। यानी अगर समय के साथ कोई व्यक्ति अपना जेंडर चेंज करवा लेता है तो वह आधार कार्ड में भी इस जानकारी को अपडेट करवा सकता है।

पता कितनी बार अपडेट कर सकते हैं?

पते के मामले में UIDAI की ओर से नाम, जेंडर और जन्मतिथि जैसी कोई तय लाइफटाइम सीमा नहीं बताई गई है। यानी जरूरत पड़ने पर आधार में एड्रेस को समय-समय पर अपडेट करवाया जा सकता है।

मोबाइल नंबर और ईमेल ID का क्या नियम है?

आधार में दर्ज मोबाइल नंबर और ईमेल ID भी अपडेट कराई जा सकती है। UIDAI की जानकारी के अनुसार इन जानकारियों के लिए नाम, जेंडर और जन्मतिथि जैसी तय लाइफटाइम अपडेट लिमिट नहीं है।

फोटो, फिंगरप्रिंट और आइरिस भी हो सकते हैं अपडेट

आधार में केवल डेमोग्राफिक जानकारी ही नहीं, बल्कि फोटो, फिंगरप्रिंट और आइरिस स्कैन जैसी बायोमेट्रिक जानकारी भी अपडेट करवाई जा सकती है।

UIDAI के अनुसार, अगर आप पहचान और पते के प्रमाण के तौर पर नाम, जेंडर, जन्मतिथि और पते से जुड़ी जानकारी के डॉक्यूमेंट्स आधार सेंटर जाकर सबमिट करते हैं तो आपको 75 रुपये का शुल्क देना पड़ेगा। हालांकि, अगर यही काम myAadhaar पोर्टल के जरिए करते हैं तो 14 जून 2027 तक यह ऑनलाइन सर्विस मुफ्त उपलब्ध रहेगी।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article