Vikas Dubey's Mother: विकास की मां बोलीं-'महाकाल ने उसे मृत्यु से बचाया' उसके खिलाफ हो उचित कार्रवाई [VIDEO]

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 9, 2020, 07:25 PM IST

Vikas Dubey's Mother Reacts on Arresting: गैंगस्टर विकास दुबे को गिरफ्तार किए जाने के बाद उसकी मां ने कहा है कि महाकाल ने उसे मौत से बचाया है, उस पर जो उचित कानूनी कार्रवाई है वो होनी चाहिए।

मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक मंदिर से गैंगस्टर विकास दुबे को गिरफ्तार किए जाने के बाद उसकी मां ने कहा है कि महाकाल ने उसे मौत से बचाया है।विकास दुबे उत्तर प्रदेश में कानपुर जिले के बिकरू गाँव में एक मुठभेड़ के दौरान 8 पुलिसकर्मियों की हत्या का मुख्य आरोपी है। दुबे की मां ने कहा कि उन्हें टीवी समाचार से उनकी गिरफ्तारी की जानकारी मिली है।

गैंगस्टर की मां सरला देवी ने कहा कि सरकार को उसके खिलाफ उचित कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने लखनऊ में अपने घर पर संवाददाताओं से बात करते हुए कहा, 'केवल महाकाल ने ही उन्हें मृत्यु से बचाया है। वह हर साल महाकाल मंदिर जाते थे। सरकार को जो भी उचित लगता है वह करना चाहिए। इस समय वह (विकास) भाजपा में नहीं हैं, लेकिन सपा में हैं।' 

हालांकि, पहले सरला देवी ने कहा कि पुलिस की मुठभेड़ में विकास दुबे को मार दिया जाना चाहिए।घटनाओं के एक नाटकीय मोड़ में गुरुवार सुबह विकास दुबे को उज्जैन में महाकाल मंदिर से गिरफ्तार किया गया था।दुबे 2 जुलाई की रात को बकरू गांव में मुठभेड़ के बाद से फरार था। उत्तर प्रदेश पुलिस ने पहले ही विकास दुबे के चार सहयोगियों को अलग-अलग मुठभेड़ों में मार दिया है।

डीएसपी देवेंद्र मिश्रा ने लगाए थे गंभीर आरोप 

इससे पहले, डीएसपी देवेंद्र मिश्रा, जिन्हें मुठभेड़ के दौरान गोली मार दी गई थी, ने चौबेपुर एसएचओ विनय तिवारी के खिलाफ एक लेटर लिखा था, जिसमें गैंगस्टर विकास दुबे की सहायता करने का आरोप है। ये पत्र इस साल 14 मार्च को लिखा गया था और कुछ गंभीर आरोप लगाए गए थे। मारे गए पुलिस अधिकारी ने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस द्वारा अपराधी विकास दुबे के खिलाफ लगाए गए आरोपों को खारिज कर दिया गया। पत्र में मिश्रा ने यह भी चेतावनी दी कि अगर विनय तिवारी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो गंभीर परिणाम हो सकते हैं।

गौरतलब है कि यूपी के कानपुर में डीएसपी समेत 8 पुलिसकर्मी की हत्या के आरोपी और कुख्यात अपराधी विकास दुबे को गुरुवार सुबह मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकाल मंदिर परिसर से गिरफ्तार किया गया। मध्य प्रदेश सरकार ने विकास दुबे की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि दुबे उज्जैन में राज्य पुलिस की हिरासत में है, विकास दुबे पर पांच लाख रुपए का इनाम था, कानपुर की इस वारदात के सात दिनों बाद दुबे की गिरफ्तारी हुई। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!