विदाई के दौरान फूट-फूटकर रोने से बेहोश हुई दुल्हन, जमीन पर गिरी और हार्ट अटैक से हो गई मौत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 6, 2021, 12:15 PM IST

विदाई के के दौरान एक दुल्हन इतना रोई कि वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गई। इसके बाद दुल्हन को होश में लाने के प्रयास किए गए लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई।

विदाई के दौरान फूट-फूटकर रोने से बेहोश हुई दुल्हन, जमीन पर गिरी और हार्ट अटैक से हो गई मौत

कटक: ओडिशा के सोनपुर जिले में एक शादी समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गई जब शादी के बाद दुल्हन की विदाई से पहले ही मौत हो गई। दरअसल यहां शादी का कार्यक्रम संपन्न हो चुका था और दुल्हन की विदाई हो रही थी। अपनी विदाई के दौरान दुल्हन इतना रोई कि रोते- रोते बेहोश हो गई। इसके बाद जब गांव की महिलाओं ने दुल्हन को होश में लाने की कोशिश की तो वह विफल रहीं और दिल का दौरा पड़ने से दुल्हन की मौत हो गई।

रोते-रोते हुई बेहोश

 खबर के मुताबिक सोनपुर के जुलांडा गांव के मुरली साहू की बेटी रोजी का विवाह बलांगीर जिले के टेटलगांव में रहने वाले बिसीकेसन के साथ तय हुई थी। तय लग्नानुसार बारात आई और रात को वैवाहिक कार्यक्रम भी संपन्न हो गए। इसके बाद जब सुबह दुल्हन की विदाई का समय आया तो दुल्हन भावुक हो गई और फूटफूट कर रोने लगी। इसी दौरान रोजी बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। रोजी को होश में लाने के तमाम प्रयास किए गए लेकिन वह होश में नहीं आई।

पूरे गांव में मातम पसरा

 बेहोश होने के बाद रोजी को नजदीक के सामुदायिक केंद्र में ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने हार्ट अटैक की वजह से उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही दूल्हा और दुल्हन दोनों के परिवारों के साथ- साथ पूरे गांव में मातम छा गया। ग्रामीणों के मुताबिक कुछ महीने पहले ही रोजी के पिता की भी मौत हो गई थी जिसके बाद वह काफी दुखी रहने लगी। रोजी के मामा तथा अन्य परिजनों ने मिलकर इस शादी का कार्यक्रम आयोजित किया था।
 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!