ट्विटर पर ट्रेंड बनी रहीं लता मंगेशकर, लोगों ने अपने-अपने तरीके से खूब किया याद

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 6, 2022, 06:20 PM IST

Lata Mangeshkar: भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन के बाद लोग अपने-अपने तरीके से उन्हें याद कर रहे हैं। वो ट्विटर पर लगातार ट्रेंड में बनी हुई हैं।

ट्विटर पर ट्रेंड बनी रहीं लता मंगेशकर, लोगों ने अपने-अपने तरीके से खूब किया याद

Lata Mangeshkar: सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर का 92 साल की उम्र में आज यानी 6 फरवरी को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर आने के बाद से ही हर कोई उन्हें अपने तरीके से याद कर रहा है। हर क्षेत्र की हस्तियों के अलावा आम लोगों ने भी उन्हें खूब याद किया। ट्विटर पर #LataMangeshkar, #latamangeshkarpassesaway और #LataDidi ट्रेंड करता रहा। 

किसी ने उनके गीत शेयर किए तो किसी ने उनकी तस्वीर शेयर की तो किसी ने उनसे जुड़ा कोई किस्सा साझा किया। भारतीय संगीत उद्योग ने कहा कि उनकी यादें और उनके गाए गीत अमर हैं।

लता मंगेशकर के निधन पर दो दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। भारत रत्न लता ने केवल हिंदी ही नहीं, बल्कि भारत की लगभग हर भाषा में गीत गाए। उन्हें 'सुर सम्राज्ञी', 'स्वर कोकिला' और 'सहस्राब्दी की आवाज' समेत कई उपनाम दिए गए। उन्हें उनके प्रशंसक लता दीदी के नाम से संबोधित करते थे। 

इंदौर में जन्मीं मंगेशकर ने मराठी फिल्म 'किती हसाल' के लिए मात्र 13 वर्ष की आयु में 1942 में अपना पहला गीत रिकॉर्ड किया था। ऐसा कहा जाता है कि मंगेशकर ने 1963 में पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत जवाहरलाल नेहरू की मौजूदगी में जब देश के जवानों के लिए 'ऐ मेरे वतन के लोगो गीत' गाया था, तो नेहरू अपने आंसू नहीं रोक पाए थे। उन्हें भारत के सबसे बड़े नागरिक सम्मान भारत रत्न, दादा साहेब फाल्के पुरस्कार और कई अन्य पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!