'बहुत काला है दूल्हा' कहकर दुल्हन ने मंडप में ही तोड़ दी शादी, दो फेरों के बाद चली गई वापस

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 8, 2022, 02:11 PM IST

Bride Break Marriage: दुल्हन ने आरोप लगाया कि यह वह दूल्हा नहीं है, जिसकी फोटो दिखाई गई थी। इसके बाद लड़के वाले बिफर गए और कहने लगे कि अगर लड़की को लड़का पसंद नहीं था, तो उसके घरवालों ने शादी के लिए हां क्यों की थी। लड़के के घरवालों का कहना था कि शादी के लिए पहले ही मना कर देते।

'बहुत काला है दूल्हा' कहकर दुल्हन ने मंडप में ही तोड़ दी शादी, दो फेरों के बाद चली गई वापस
Photo Credit: Google Play

Bride Break Marriage: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दुल्हन ने दो फेरों के बाद मंडप में यह कहकर शादी तोड़ दी कि दूल्हे का रंग बहुत काला है। यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां तक कि माता-पिता और रिश्तेदारों ने दुल्हन को समझाया। इसके बाद भी उसने दूल्हे से शादी करने से इंकार कर दिया। लड़की का कहना था कि फोटो में दूल्हे का रंग गोरा था लेकिन यह तो काला है।

दुल्हन ने आरोप लगाया कि यह वह दूल्हा नहीं है, जिसकी फोटो दिखाई गई थी। इसके बाद लड़के वाले बिफर गए और कहने लगे कि अगर लड़की को लड़का पसंद नहीं था, तो उसके घरवालों ने शादी के लिए हां क्यों की थी। लड़के के घरवालों का कहना था कि शादी के लिए पहले ही मना कर देते। मामला बढ़ा तो लड़के वालों ने पंचायत बुला ली। इसके बाद करीब 6 घंटे तक पंचायत चलती रही, लेकिन लड़की ने किसी की बात नहीं मानी और आखिरकार बिना दुल्हन के ही बारात वापस लौट गई। इसके बाद लड़के वालों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

काला दूल्हा देखकर भड़क गई दुल्हन

मामला इटावा जिले की भरथना तहसील का है। भरथना तहसील के नगलाबास गांव में बुधवार को जाफरापुर से बारात लेकर दूल्हे पक्ष के लोग पहुंचे थे। शुरुआत में सब ठीक चल रहा था और लड़की पक्ष के लोगों ने बारात को जोरदात स्वागत किया। द्वाराचार की रस्म के बाद जब महिलाओं ने दूल्हे को देखा तो उनके बीच सुगबुगाहट होने लगी। जब द्वारचार के बाद फेरे शुरू हुए तो दुल्हन का पारा चढ़ गया। दो फेरे लेते ही दुल्हन के मन में न जाने क्या सूझा कि उसने आगे फेरे लेने से इंकार कर दिया।

इसके बाद दुल्हन ने साफ शब्दों में कह दिया, 'यह लड़का तस्वीर में दिखाया जाने वाला लड़का नहीं है। तस्वीर में लड़के का रंग साफ था लेकिन यह बहुत ही ज्यादा काला है। मैं इससे शादी नहीं करूंगी।' ऐसा कहकर दुल्हन मंडप से चली गई। इसके बाद दूल्हे के पक्ष के लोग उखड़ गए और दोनों पक्षों में बवाल शुरू हो गया। बवाल के दौरान गांव के बड़े-बुजुर्ग बीच-बचाव में आए और पंचायत बुलाई गई। हालांकि, 6 घंटे की पंचायत में भी लड़की शादी के लिए राजी नहीं हुई।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!