Mount Kailash Darshan: उत्तराखंड पर्यटन ने आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए Mount Kailash Darshan from Indian Soil नाम से एक तीर्थयात्रा की शुरुआत की है। इस तीर्थयात्रा की मदद से भक्तों को पिथौरागढ़ जिले में पुराने लिपुलेख शिखर पर भारतीय क्षेत्र से कैलाश पर्वत को देखने का अवसर प्राप्त होगा। इसकी खास बात ये है कि इस नई पहल के जरिए शिव भक्तों को तिब्बत का दौरा किए बिना राजसी कैलाश पर्वत को देखने का मौका मिल जाएगा।
इस तीर्थयात्रा को भारत की सीमाओं के भीतर रहते हुए आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करने के लिए ही डिज़ाइन किया गया है। तीर्थयात्रियों का पहला समूह 2 अक्टूबर 2024 को इस यात्रा पर निकला और 3 अक्टूबर को मनमोहक दृश्य के साथ सफलतापूर्वक कैलाश पर्वत का दर्शन करने में कामयाबी पाई।
तीर्थयात्रा में आदि कैलाश और ओम पर्वत जैसे अन्य पवित्र स्थानों की यात्रा भी शामिल है, जो इसे एक तीर्थयात्रा बनाती है। ये आरामदायक और सुविधाजनक पैकेज 4-रात और 5-दिन का है। आवास कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) द्वारा स्थानीय होमस्टे में आपके लिए रुकने की व्यवस्था है।
बता दें कि उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड (UTDB) या कुमाऊं मंडल विकास निगम (KMVN) की आधिकारिक वेबसाइटों पर जाकर आप बुकिंग कर सकते हैं। इन साइट पर जाकर आप उपलब्ध तिथी, पैकेजों और बुकिंग प्रक्रिया पर नवीनतम जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। कुछ अधिकृत टूर ऑपरेटर भी इस विशेष तीर्थयात्रा पैकेज की पेशकश कर सकते हैं लेकिन आपको ये सुनिश्चित करना होगा कि ऑपरेटर यूटीडीबी या केएमवीएन द्वारा आधिकारिक तौर पर मान्यता प्राप्त हो।
