यात्रा

घरेलू पर्यटकों के दिलों पर अयोध्या ने किया कब्जा, इंटरनेशनल ट्रैवलर्स की पसंद है ताजमहल

Ayodhya Surpasses Taj Mahal: अयोध्या ने घरेलू पर्यटकों के दिलों पर कब्जा कर लिया है ऐसा कहना बिल्कुल भी गलत नहीं होगा। वहीं अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए ताज महल प्राथमिक आकर्षण बना हुआ है। पर्यटकों की संख्या में यह वृद्धि मुख्य रूप से धार्मिक पर्यटन की बढ़ती लोकप्रियता के कारण है।

Image

Ayodhya Surpasses Taj Mahal

Uttar Pradesh Tourism: उत्तर प्रदेश ने पर्यटन के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर ली है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जनवरी और सितंबर 2024 के बीच 476.1 मिलियन रिकॉर्ड तोड़ पर्यटकों को आकर्षित कर यूपी ने ये कारनामा किया है। इस उछाल में सबसे आगे अयोध्या है जो फेवरेट ट्रैवल डेस्टिनेशन के रूप में सामने आई है। अयोध्या आगरा के प्रतिष्ठित ताज महल को पीछे छोड़कर राज्य का सबसे अधिक देखा जाने वाला गंतव्य बन गया है।

उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के अनुसार अकेले अयोध्या ने जनवरी से सितंबर के बीच 135.5 मिलियन घरेलू पर्यटकों और 3,153 अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों का स्वागत किया है। मालूम हो कि रामलला के मंदिर के उद्घाटन ने इस उछाल में महत्वपूर्ण योगदान देने में अहम भूमिका निभाई है। आध्यात्मिक साधक और तीर्थयात्री भारी संख्या में अयोध्या की ओर आकर्षित हुए हैं।

इसकी तुलना में, आगरा, जहां दुनिया का 7वां अजूबा ताज महल है वहां 125.1 मिलियन पर्यटक यात्रा के लिए आए हैं। इन पर्यटकों में 115.9 मिलियन घरेलू यात्री और 924,000 अंतर्राष्ट्रीय पर्यटक शामिल हैं। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने राज्य के प्रदर्शन पर गर्व व्यक्त करते हुए खुशी जताई है।

पर्यटन मंत्री ने कहा, 'उत्तर प्रदेश ने पिछले साल तकरीबन 480 मिलियन पर्यटकों का स्वागत किया है। जो एक मील का पत्थर है। इस साल केवल नौ महीनों में ये उपलब्धि हासिल की गई है। पर्यटकों की संख्या में यह वृद्धि मुख्य रूप से धार्मिक पर्यटन की बढ़ती लोकप्रियता के कारण है।'

बता दें कि राज्य के अन्य आध्यात्मिक स्थलों में भी पर्याप्त वृद्धि देखी गई है। वाराणसी में 62 मिलियन घरेलू पर्यटक और 184,000 अंतर्राष्ट्रीय पर्यटक, भगवान कृष्ण की जन्मस्थली मथुरा में 68 मिलियन पर्यटकों को आकर्षित किया, जिनमें 87,229 विदेशी शामिल रहे। जबकि प्रयागराज ने 48 मिलियन पर्यटकों का स्वागत किया।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article