यात्रा

धीमी पड़ सकती है बुढ़ापे की रफ्तार, जानें कैसे घूमना-फिरना बढ़ा सकता है आपकी उम्र

Travel Benefits: घूमना-फिरना शरीर और दिमाग दोनों के लिए फायदेमंद होता है। घूमना सिर्फ मजे के लिए नहीं है बल्कि यह आपकी उम्र बढ़ने की रफ्तार को भी धीमा कर सकता है।

Image

धीमी पड़ सकती है बुढ़ापे की रफ्तार

Travel Benefits: आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव, थकान और काम का दबाव लगभग हर किसी के जीवन का हिस्सा बन गया है। ऐसे में खुदको तरोताजा करने के लिए लोग शहर की चिल्लम-चिल्ली से दूर कहीं दूर घूमने-फिरने का विकल्प चुन रहे हैं। अगर हम आपसे कहें कि घूमना-फिरना सिर्फ मजे के लिए नहीं बल्कि आपकी उम्र बढ़ने की रफ्तार को भी धीमा (Slow Ageing Tips) कर सकता है, तो शायद इस बात पर आप यकीन ना करें लेकिन, ये सच है।

रिसर्च में हुआ बड़ा खुलासा

हाल ही में ऑस्ट्रेलिया की एडिथ कोवान यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने रिसर्च में पाया कि यात्रा करना हमारे शरीर और दिमाग दोनों के लिए बेहद फायदेमंद हो सकता है। रिसर्च में ये बात सामने आई कि ट्रैवल करने से इंसान अंदर से ज्यादा एक्टिव और खुश महसूस करता है। नई जगहों पर घूमना, नए लोगों से मिलना और अलग-अलग अनुभव लेना शरीर की कई जैविक प्रक्रियाओं पर सकारात्मक असर डालता है।

जब हम किसी नई जगह पर जाते हैं, तो हमारा शरीर और दिमाग दोनों नई चीजों को अपनाने की कोशिश करता है। इससे मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है और शरीर ज्यादा एक्टिव रहता है। वहीं अलग-अलग मौसम, खानपान और संस्कृति का अनुभव हमारी इम्यूनिटी को भी मजबूत बनाने में मदद करता है।

घूमने-फिरने के दौरान आखिर होता क्या है

जब आप घूमने जाते हैं तो यात्रा के दौरान परिवार या दोस्तों के साथ बिताया गया समय मानसिक तनाव को कम करता है। हंसना, बातें करना और नए अनुभव लेना शरीर में तनाव बढ़ाने वाले हार्मोन को कम कर सकता है। यही वजह है कि ट्रैवल के बाद लोग खुद को ज्यादा फ्रेश और रिलैक्स महसूस करते हैं।

हालांकि, हर तरह की यात्रा फायदेमंद नहीं होती। अगर ट्रिप बहुत ज्यादा थकाऊ हो, सही नींद न मिले या खाने-पीने का ध्यान ना रखा जाए, तो इसका उल्टा असर भी पड़ सकता है। इसलिए एक्सपर्ट्स का कहना है कि ऐसी यात्रा सबसे अच्छी होती है जिसमें आराम, खुशी और नए अनुभवों का सही संतुलन हो।

समझ लें क्या है घूमना

आज के समय में लोग घूमने को सिर्फ सोशल मीडिया फोटो या वीडियो तक सीमित समझते हैं, लेकिन असल में ट्रैवल मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का एक शानदार तरीका है। कभी-कभी नई जगहों पर खो जाना, लोकल लोगों से बातें करना और नए स्वाद चखना भी जिंदगी को एक नई ऊर्जा दे देता है।

अगर आप लंबे समय से काम और तनाव के बीच फंसे हुए हैं, तो शायद अब वक्त आ गया है कि थोड़ा ब्रेक लिया जाए। क्योंकि हो सकता है आपका अगला सफर सिर्फ यादें ही नहीं, बल्कि बेहतर सेहत भी लेकर आए।

prabhat sharma
प्रभात शर्मा author

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–... और देखें

End of Article