यात्रा

Thailand Travel Rules: थाईलैंड ट्रिप प्लान कर रहे हैं, पहले जान लें नए ट्रैवल नियम

Thailand Travel Rules: अगर आप थाईलैंड का प्लान बना रहे हैं, तो टिकट बुक करने के साथ अपने जरूरी दस्तावेज भी एक बार जरूर चेक कर लें। एयरपोर्ट पर किसी भी दिक्कत से बचने के लिए ये बातें जान लें।

Image

थाईलैंड ट्रिप का प्लान (फोटो: canva)

Thailand Travel Rules: अगर आप थाईलैंड घूमने का प्लान कर रहे हैं तो ये खबर आपके बेहद काम आने वाली है। अब भारतीय यात्रियों के लिए पहले जैसे नियम नहीं रहे हैं। हाल ही में बैंकॉक स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय यात्रियों के लिए नई ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। इसमें उन सभी जरूरी दस्तावेजों की जानकारी दी गई है, जिन्हें थाईलैंड जाते समय अपने साथ रखना बेहद जरूरी है। यात्रा से पहले नए वीजा और इमिग्रेशन नियमों को समझना जरूरी है, ताकि एयरपोर्ट या इमिग्रेशन पर किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।

थाईलैंड जाने के लिए कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी हैं?

भारतीय दूतावास के मुताबिक आपके पास ये चीजें हर हाल में होनी चाहिए- ऐसा पासपोर्ट, जिसकी वैधता यात्रा की तारीख से कम से कम 6 महीने बाकी हो। यात्रा के उद्देश्य के अनुसार सही वीजा। कन्फर्म रिटर्न टिकट। होटल की कन्फर्म बुकिंग। थाईलैंड डिजिटल अराइवल कार्ड (TDAC), जिसे यात्रा से 72 घंटे पहले ऑनलाइन भरना होता है।

ध्यान दें कि अगर आप परिवार या दोस्तों के साथ यात्रा कर रहे हैं, तो हर व्यक्ति के पास उसका अपना पासपोर्ट, वीजा और दूसरे जरूरी कागज होने चाहिए। सिर्फ एक व्यक्ति के पास सभी दस्तावेज रखना सही नहीं माना जाता।

वीजा ऑन अराइवल वालों के लिए खास सलाह

अगर आप वीजा ऑन अराइवल के जरिए थाईलैंड जा रहे हैं, तो इमिग्रेशन अधिकारी आपसे यह भी पूछ सकते हैं कि आपके पास यात्रा के लिए पर्याप्त पैसे हैं या नहीं। इसके लिए आपके पास करीब 20,000 थाई भाट (लगभग 57,000 रुपये) होने चाहिए। जरूरत पड़ने पर इसका प्रमाण भी मांगा जा सकता है।

टूरिस्ट वीजा पर नौकरी करने की गलती न करें

दूतावास ने यह भी साफ कहा है कि अगर आपके पास वैध जॉब ऑफर और जरूरी वर्क परमिट नहीं है, तो टूरिस्ट वीजा या वीजा ऑन अराइवल पर थाईलैंड जाकर नौकरी करने की कोशिश बिल्कुल ना करें। ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

यात्रा से पहले एक बार जरूर करें चेक

थाईलैंड जाने से पहले अपने सभी दस्तावेज अच्छी तरह जांच लें। पासपोर्ट, वीजा, रिटर्न टिकट, होटल बुकिंग और TDAC जैसी जरूरी चीजें पहले से तैयार रखने पर आपकी यात्रा आसान और बिना किसी परेशानी के पूरी हो सकती है।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article