Rajasthan Package: जयपुर की रॉयल विरासत से लेकर जैसलमेर के रेगिस्तान तक का सफर करने का आपके पास सुनहरा मौका है। आईआरसीटीसी ने 7 दिन का शानदार टूर पैकेज लॉन्च किया है। यह सफर आपको राजस्थान की अलग-अलग रंगों से रूबरू कराएगा। इस यात्रा में आपको जयपुर, अजमेर, पुष्कर, जोधपुर, जैसलमेर और बीकानेर जैसे खूबसूरत शहरों को घूमने का मौका मिलेगा।
दिन 1: जयपुर पहुंचकर शुरू होगी शाही सफर की शुरुआत
आपकी यात्रा जयपुर से शुरू होगी। रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट या बस स्टैंड से आपको पिकअप करके होटल पहुंचाया जाएगा। होटल में चेक-इन करने के बाद आप जयपुर की मशहूर जगहों की सैर पर निकलेंगे। इस दिन आप हवा महल, सिटी पैलेस और जंतर-मंतर जैसी ऐतिहासिक जगहों को देखेंगे। शाम का समय आप अपनी पसंद के हिसाब से जयपुर की लोकल मार्केट में शॉपिंग करते हुए बिता सकते हैं।
रात को जयपुर के होटल में ठहरने की व्यवस्था होगी। ध्यान रखें कि होटल का चेक-इन आमतौर पर दोपहर 12 बजे से 2 बजे के बीच होता है, इसलिए अपनी फ्लाइट या ट्रेन इसी हिसाब से बुक करें।
दिन 2: जयपुर के किले और खूबसूरत नजारों की सैर
सुबह नाश्ता करने के बाद जयपुर घूमने के लिए निकलेंगे। इस दिन आपको जल महल, नाहरगढ़ किला और आमेर किले की सैर कराई जाएगी। आमेर किला राजस्थान की शाही विरासत की झलक दिखाता है, वहीं नाहरगढ़ किले से पूरे जयपुर शहर का शानदार नजारा देखने को मिलता है। घूमने के बाद वापस होटल लौटकर रात जयपुर में ही बिताएंगे।
दिन 3: जयपुर से अजमेर और पुष्कर की यात्रा
नाश्ते के बाद होटल से चेकआउट करके अजमेर के लिए रवाना होंगे। यहां आप विश्व प्रसिद्ध अजमेर शरीफ दरगाह के दर्शन करेंगे। इसके बाद पुष्कर जाएंगे, जो अपने पवित्र सरोवर और ब्रह्मा मंदिर के लिए जाना जाता है। पुष्कर पहुंचकर होटल में चेक-इन करेंगे और रात यहीं रुकेंगे।
दिन 4: पुष्कर से जोधपुर का सफर
सुबह नाश्ता करने के बाद जोधपुर के लिए निकलेंगे। होटल में चेक-इन के बाद जोधपुर की आधे दिन की सैर करेंगे। इस दौरान आपको मेहरानगढ़ किला और उम्मेद भवन म्यूजियम देखने का मौका मिलेगा। मेहरानगढ़ किला राजस्थान के सबसे शानदार किलों में से एक है, जहां से शहर का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है। रात को जोधपुर के होटल में ठहरेंगे।
दिन 5: जोधपुर से जैसलमेर और रेगिस्तान का रोमांच
सुबह नाश्ता करने के बाद जैसलमेर के लिए रवाना होंगे। जैसलमेर पहुंचने के बाद आपको सम सैंड ड्यून्स ले जाया जाएगा। यहां आप थार रेगिस्तान की खूबसूरती देख सकते हैं और शाम के समय डूबते सूरज का शानदार नजारा आपका सफर यादगार बना देगा। रात को जैसलमेर में होटल में रुकने की व्यवस्था होगी।
दिन 6: जैसलमेर घूमकर बीकानेर के लिए रवाना
नाश्ते के बाद जैसलमेर की प्रमुख जगहों की सैर करेंगे। इस दिन आप जैसलमेर किला, पटवों की हवेली और वॉर म्यूजियम घूमेंगे। इसके बाद बीकानेर के लिए रवाना होंगे। बीकानेर पहुंचकर होटल में रुकेंगे और रात वहीं बिताएंगे।
दिन 7: बीकानेर घूमकर जयपुर वापसी
यात्रा के आखिरी दिन नाश्ते के बाद बीकानेर की प्रसिद्ध जगहों को देखने जाएंगे। यहां आपको जूनागढ़ किला और देशनोक मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। इसके बाद शाम तक आपको जयपुर वापस पहुंचा दिया जाएगा। कैब आपको एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन या बस स्टैंड पर छोड़ देगी। ध्यान रखें कि वापसी की ट्रेन, फ्लाइट या बस रात 8 से 10 बजे के बाद की ही बुक करें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: भारत में बढ़ रहा है Second City Tourism का ट्रेंड, जानें क्यों बदल रही है घूमने की सोच
पैकेज में क्या-क्या मिलेगा?
रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट या बस स्टैंड से पिकअप और ड्रॉप की सुविधा। पूरे टूर के दौरान AC कैब से घूमने की सुविधा
होटल में ठहरने की व्यवस्था। रोज सुबह का नाश्ता (6 ब्रेकफास्ट)। टोल, पार्किंग और सभी जरूरी टैक्स शामिल
जयपुर, अजमेर, पुष्कर, जोधपुर, जैसलमेर और बीकानेर की साइटसीइंग
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: ऊटी या दार्जिलिंग-2026 की गर्मी में कहां जाएं घूमने, कौन सी जगह है असली पहाड़ों की रानी
पैकेज की कीमत (4 लोगों तक के लिए Etios/Indigo/Dzire या इसी तरह की कार)
स्टेंडर्ड पैकेज की कीमत सिंगल शेयरिगं में ये ट्रिप आपको ₹47,950, डबल शेयरिंग में प्रति व्यक्ति किराया ₹24,540 प्रति व्यक्ति। ट्रिपल शेयरिंग में किराया- ₹19,400 प्रति व्यक्ति तय किया गया है। 5 से 11 साल तक के बच्चों के लिए किराया ₹5,630 रुपए है। इस पैकेज का कोड NJH076 है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर जाकर आप पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं।
