गर्मियों से राहत पाने और कुछ पल सुकून से गुजारने के लिए लोग हिल स्टेशन पर जाना काफी पसंद करते हैं। ऐसे में कुछ हिल स्टेशन जैसे मसूरी, नैनीताल, ऋषिकेश ऐसी जगहें हैं, जहां पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिलती है। इस भीड़ को संभालने में प्रशासन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लेकिन इन सभी समस्याओं से बचने के लिए प्रशासन में एक फुल प्रूफ प्लान तैयार किया है। जिससे प्रशासन और पर्यटक दोनों को काफी सहूलियत होगी। जी हां हाल ही में आई खबरों की मानें तो आपको अब इन हिल स्टेशनों पर जाने से पहले रजिस्ट्रेशन करना जरूरी होगा। आइए जानते हैं क्या है ट्रैवलिंग का नया रूल?
मसूरी आने से पहले कराएं रजिस्ट्रेशन
उत्तराखंड से सामने आई खबरों की मानें तो अब आपको मसूरी आने से पहले प्री रजिस्ट्रेशन कराना होगा। ये रजिस्ट्रेशन गर्मी, सर्दी की छुट्टियों और लंबे वीकेंड पर अनिवार्य होगा। यदि आप बिना रजिस्ट्रेशन मसूरी घूमने जाते हैं, तो आपकी एंट्री को प्रतिबंधित किया जा सकता है। ये नया नियम मसूरी में लगातार बढ़ती पर्यटकों की संख्या को देखते हुए बनाया जा रहा है।
कब जरूरी होगा रजिस्ट्रेशन?
उत्तराखंड राज्य पर्यटन विभाग के सचिव धीरज सिंह ने बताया कि छुट्टियों के दौरान यहां आने वाली गाड़ियों की संख्या अचानक बढ़ जाती है। जिसका रजिस्ट्रेशन के द्वारा पता लगाना संभव हो सकेगा। वहीं ये एंट्री पास का सिस्टम केवल कुछ खास समय ( गर्मी, सर्दी की छुट्टियों और लंबे वीकेंड ) के लिए होगा। बाकी सामान्य समय में लोग ऐसे ही घूमने आते रहेंगे।
जाम से मिलेगी मुक्ति
वैध पास के द्वारा एंट्री किए जाने से पर्यटकों को घंटों के जाम से भी मुक्ति मिल सकेगी। गर्मियों की छुट्टियों और लंबे वीकेंड पर मसूरी और नैनीताल जैसे हिल स्टेशनों पर लोगों को घंटों जाम का झाम झेलना पड़ता है। जिसके कारण हाल ही में रास्ते में फंसी एंबुलेंस में एक मरीज को उपचार में देरी के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी थी।
